अंडाल में युवा संगठन का सफाई अभियान, गरीबों की मदद का भी लिया संकल्प
अंडाल: अंडाल नॉर्थ बाजार में युवा संगठन की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत संगठन के सदस्य विभिन्न स्थानों पर जमा कूड़ा-कचरे की सफाई कर इलाके को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे हैं।
संगठन से जुड़े पिग्लू मुखर्जी ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से कूड़ा-कचरे की समस्या बनी हुई थी। इस मुद्दे को लेकर पंचायत और बीडीओ कार्यालय से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। इसके बाद स्थानीय युवाओं ने एकजुट होकर युवा संगठन का गठन किया और स्वयं सफाई अभियान शुरू करने का फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य इलाके को साफ-सुथरा रखना और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। साथ ही उन्होंने अंडाल बीडीओ एवं पंचायत प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण के लिए डस्टबिन अथवा निर्धारित स्थान की व्यवस्था की जाए, ताकि लोग इधर-उधर कचरा न फेंकें।
पिग्लू मुखर्जी ने बताया कि सफाई अभियान की शुरुआत अंडाल नॉर्थ बाजार से की गई है और आने वाले समय में अंडाल ब्लॉक के विभिन्न इलाकों में भी ऐसे अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा संगठन द्वारा जरूरतमंद एवं गरीब लोगों की सहायता के लिए भी विशेष पहल की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने युवा संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और पर्यावरण के हित में एक सराहनीय कदम बताया है।















