दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के जामगढ़ा में रिश्तों का दर्दनाक अंत: शादी से 24 घंटे पहले प्रेमी जोड़े का शव पेड़ से लटका मिला, विवाहित प्रेमी-सगाईशुदा युवती की मौत से गांव में मातम
दुर्गापुर, 13 जून 2026। दुर्गापुर-फरीदपुर ब्लॉक के जामगढ़ा गांव में शनिवार सुबह एक हृदयविदारक घटना ने सबको झकझोर दिया। गांव के बाहर एक पेड़ से 19 साल की ब्यूटी बागदी और 23 साल के सुकुमार बागदी के शव लटके मिले। ब्यूटी की रविवार को दूसरी जगह बारात आनी थी, लेकिन उससे पहले ही प्रेमी युगल की जिंदगी खत्म हो गई।
‘प्यार की हार या मजबूरी का फैसला?’
फरीदपुर थाना पुलिस के मुताबिक ब्यूटी जामगढ़ा की और सुकुमार अंडाल के दक्षिणखंड का रहने वाला था। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों सालों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। पेंच ये था कि सुकुमार पहले से शादीशुदा था। ब्यूटी के घरवालों ने सामाजिक दबाव में उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी थी।
सुबह-सुबह फैली खबर, पहुंची पुलिस
शनिवार तड़के खेत की ओर गए लोगों ने पेड़ से दो शव लटके देखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेजा। गांव में मातम पसरा है।
पुलिस के सामने कई सवाल
परिजनों ने बताया कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन हालात साथ नहीं दे रहे थे। पुलिस ने अस्वाभाविक मृत्यु का केस दर्ज किया है। हत्या या आत्महत्या? पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल से सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल जांच जारी है।














