आसनसोल में भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस: ‘मोदी के 12 साल में भारत ने किया अविस्मरणीय विकास’, अग्निमित्रा पाल ने गिनाई उपलब्धियां
आसनसोल, 14 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री के तौर पर 12 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से रविवार को आसनसोल स्थित जिला पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोदी सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया गया।
‘ऊर्जा में आत्मनिर्भर बना भारत’
बंगाल में शुभेंदु अधिकारी मंत्रिमंडल की अहम मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अविस्मरणीय विकास किया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने ऊर्जा के क्षेत्र में भारत को स्वनिर्भर बनाने के लिए सोलर एनर्जी पर विशेष जोर दिया। आज जब विश्व तीसरे विश्व युद्ध जैसे हालात झेल रहा है और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर संकट है, तब सौर ऊर्जा पर जोर देने से भारत ऊर्जा के क्षेत्र में बेहतर स्थिति में है।”
’58 करोड़ जीरो बैलेंस अकाउंट, 32 करोड़ महिलाएं लाभार्थी’
अग्निमित्रा पाल ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मुद्रा योजना और गरीबों के लिए बैंक अकाउंट खोलने की योजनाओं से गरीबों को सीधा फायदा मिला है। “अब तक 58 करोड़ गरीबों के जीरो बैलेंस पर बैंक अकाउंट खोले गए हैं, जिनमें से 32 करोड़ महिलाएं हैं। इससे सरकारी सुविधाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खाते में जा रहा है।”
‘बिना गारंटी 10 लाख तक लोन’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत गारंटी के बिना 10 लाख रुपए तक का लोन दिया जाता है। किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पिछले 12 सालों में 7 करोड़ 71 लाख किसानों के खाते में लगभग 10 लाख करोड़ का ऋण दिया गया है। इन योजनाओं का एकमात्र उद्देश्य भारत को सशक्त और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करना है।
‘स्टार्टअप से बदल रही सोच’
पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्टार्टअप पर बहुत जोर दिया है। “पहले सोच थी कि व्यापारी का बेटा ही व्यापारी बनेगा, लेकिन मोदी जी ने इस अवधारणा को बदला है। अब युवा अपना बिजनेस शुरू कर रहा है। सरकार आसान लोन और सरल औपचारिकताओं से स्टार्टअप में मदद कर रही है ताकि युवा अपने पैरों पर खड़ा हो और दूसरों को रोजगार दे सके।”
‘विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा’
आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी और आसनसोल जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य भी मौजूद थे। देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले 12 सालों में मोदी के नेतृत्व में भारत में जो विकास हुआ है वह पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने भरोसा जताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प जरूर पूरा होगा।














