बजट से पहले दुर्गापुर में व्यवसायिक संगठन के प्रतिनिधि मिले वित्त मंत्री सपन दास गुप्ता: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, औद्योगिक नीति में बदलाव की मांग
दुर्गापुर, 14 जून 2026। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार भाजपा सरकार बनने और शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही औद्योगीकरण को लेकर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने बंगाल को औद्योगिक क्षेत्र में पुराना गौरव लौटाने का वादा किया है।
22 जून को बजट पेश होने से पहले बंगाल के वित्त मंत्री सपन दास गुप्ता विभिन्न वाणिज्यिक संगठनों से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार दुर्गापुर में फॉस्सबेकी के साथ वित्त मंत्री ने बैठक की।
मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
बैठक में फॉस्सबेकी के अध्यक्ष सचिन राय, पवन गुटगुटिया सहित संगठन के कई सदस्य मौजूद थे। वित्त मंत्री सपन दास गुप्ता के जरिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
‘पारदर्शी निवेश नीति बनाएं’
ज्ञापन में फॉस्सबेकी ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि निवेश को लेकर साफ-सुथरी और पारदर्शी पॉलिसी बनाई जाए। मैन्युफैक्चरिंग और सर्विस सेक्टर को विशेष इंसेंटिव देने की मांग की गई।
ये हैं प्रमुख मांगे
फॉस्सबेकी ने सीजीएसटी का रिफंड, पावर सब्सिडी, कैपिटल इन्वेस्टमेंट सब्सिडी और लंबे समय से लंबित एमएसएमई सब्सिडी को तुरंत जारी करने की मांग रखी।
अलग से पत्र में रखी गई मांगे
वित्त मंत्री को दिए गए अलग पत्र में दामोदर नदी पर ब्रिज बनाने, एमएसएमई और बड़े प्रोजेक्ट के लिए नए इंसेंटिव, बंगाल में लागू लैंड सीलिंग के नियम को समाप्त करने और स्पेशल इकोनामिक जोन के निर्माण की अनुमति देने जैसी मांगे शामिल हैं।
‘बैठक रही सकारात्मक’
फॉस्सबेकी अध्यक्ष सचिन राय ने कहा, “आज वित्त मंत्री के साथ बैठक काफी सकारात्मक रही। उन्होंने हमारे सुझावों को गौर से सुना, नोट किया और आश्वासन दिया कि औद्योगीकरण और अर्थव्यवस्था को बेहतर करने के लिए ज्यादातर सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।”
‘नई सरकार से उम्मीद’
पवन गुटगुटिया ने कहा कि नई सरकार ने एक महीने से ज्यादा समय में जो फैसले लिए हैं, उससे उम्मीद जगी है कि पिछले कई दशकों से पिछड़ रहे बंगाल में औद्योगीकरण को नई ऊंचाई मिलेगी। उन्होंने कहा कि दामोदर नदी पर ब्रिज निर्माण का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।














