Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

अब कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं’: मंत्री अग्निमित्रा पाल की सख्त चेतावनी, 5 जिलों के अधिकारियों को दिए ‘जीरो टॉलरेंस’ के निर्देश

दुर्गापुर, 16 जून 2026। बारिश शुरू होते ही जलजमाव, डेंगू, बिजली से मौत या सरकारी जमीन पर कब्जा — किसी भी मामले में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने प्रशासन को कड़ा संदेश दिया है।

5 जिलों की हाईलेवल बैठक
मंगलवार को दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित सृजनी प्रेक्षागृह में पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान, बांकुड़ा, पुरुलिया और बीरभूम के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंत्री ने कई अहम निर्देश दिए।

‘इलाकावार जिम्मेदारी तय होगी’
मंत्री ने साफ कहा कि मानसून में कहीं भी पानी न जमे, इसके लिए इलाकावार जिम्मेदारी बांटकर संबंधित अधिकारियों को निगरानी में रखा जाएगा। जल निकासी व्यवस्था को और सक्रिय व कारगर बनाने पर खास जोर दिया गया है।

बिजली से मौत रोकने के निर्देश
लैंपपोस्ट या बिजली की गड़बड़ी से शॉर्ट सर्किट और हादसे रोकने के लिए विशेष कदम उठाने को कहा गया। मंत्री ने कहा कि बिजली से किसी की मौत न हो, इसके लिए खास अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी।

‘डेंगू से एक भी मौत नहीं होनी चाहिए’
डेंगू पर राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। मंत्री बोलीं, “डेंगू से एक भी इंसान की मौत न हो, इसी लक्ष्य* के साथ बढ़ी निगरानी की जा रही है।” नाले साफ रखने, जमा पानी हटाने और स्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल कर काम करने के निर्देश दिए गए।

सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं
सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर भी सख्त संदेश दिया। अग्निमित्रा पाल ने कहा, “सरकारी जमीन या जगह पर अवैध कब्जा करने वाले को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।”

दामोदर से अवैध जल उठाव पर नजर
नदी से अवैध जल उठाव के खिलाफ भी प्रशासन को सतर्क किया। खासकर दामोदर नदी से अवैध रूप से पानी उठाने पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा, दामोदर का पानी दुर्गापुर व आसपास के लोगों तक पहुंचने में कोई दिक्कत न हो, इस पर खास ध्यान रखा जाएगा।

कौन-कौन रहा मौजूद
बैठक में 5 जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्त मौजूद थे। साथ ही नगर पालिका व नगर निगम के अधिकारी भी शामिल हुए। मंत्री अग्निमित्रा पाल के साथ प्रतिमंत्री कलिता माझी और मौमिता विश्वास मिश्रा भी थीं। दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मणचंद्र घड़ुई, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, सांसद सौमित्र खां समेत 5 जिलों के कई विधायक और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *