मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव आसनसोल के लिए खुशी की खबर, मेट्रो से पहले फ्लाईओवर जरूरी: शंभूनाथ झा
आसनसोल। पश्चिम बंगाल सरकार के बजट में पश्चिम बर्धमान में मेडिकल कॉलेज के प्रस्ताव पर आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने प्रसन्नता जताई है। उन्होंने कहा कि यह आसनसोल की जनता के लिए बड़ी खुशी की खबर है।
मेडिकल कॉलेज पर बयान
शंभूनाथ झा ने कहा, “आसनसोल के जिला अस्पताल में ही वो सभी सुविधाएं मौजूद हैं जो एक मेडिकल कॉलेज को चाहिए। जिला अस्पताल में 750 बेड हैं जबकि मेडिकल कॉलेज के लिए 400 बेड वाले अस्पताल की जरूरत होती है। अब ये सुनिश्चित हो गया है कि मेडिकल कॉलेज आसनसोल में ही बनेगा।” आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स ने इसके लिए राज्य सरकार का आभार प्रकट किया।
मेट्रोरेल परियोजना पर राय
बजट प्रस्ताव में आसनसोल-दुर्गापुर मेट्रोरेल परियोजना पर हुई चर्चा का स्वागत करते हुए झा ने कहा, “हम इसका स्वागत करते हैं, लेकिन मैं समझता हूं अभी इस अंचल में उद्योग लगाने पर जोर देना चाहिए। अभी इस अंचल में मेट्रोरेल परिसेवा किसी भी हाल में सफल नहीं होगी।”
उन्होंने आगे कहा, “अभी आसनसोल शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए सर्वप्रथम बाजार क्षेत्र में एक फ्लाईओवर की सख्त जरूरत है। जनसंख्या और आवागमन की दृष्टि से अभी मेट्रोरेल की कोई खास जरूरत महसूस नहीं होती है। Ola और Uber जैसी परिसेवाएं भी यहां सफल नहीं हो पाईं, क्योंकि अभी उस तरह का यात्री आना-जाना इस अंचल में नहीं हो रहा है।”
भविष्य की संभावना
झा ने कहा, “मेट्रोरेल पंचवर्षीय योजना है। हो सकता है तब तक ये क्षेत्र मेट्रोरेल के लिए उपयुक्त हो जाए।”
दामोदर सेतु की मांग
उन्होंने कहा कि अगर बजट में दामोदर नदी के ऊपर सेतु की घोषणा होती तो और भी खुशी होती। यह क्षेत्र की पुरानी मांग है।














