“सावन मेला: आसनसोल रेल मंडल की व्यापक तैयारी, 30 जुलाई से 28 अगस्त तक 170 CCTV कैमरों से होगी निगरानी”
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात होंगे 400 सुरक्षाकर्मी, 4 प्रमुख स्टेशनों पर पुख्ता इंतजाम
आसनसोल। सावन माह में बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले लाखों कांवड़ियों को देखते हुए आसनसोल रेल मंडल ने कमर कस ली है। 30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले सावन मेले के लिए रेल मंडल ने सुरक्षा और सुविधा की पुख्ता व्यवस्था की है।
170 CCTV कैमरों से 24×7 निगरानी
भीड़-भाड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल मंडल ने आसनसोल रेल मंडल के 4 प्रमुख स्टेशनों पर 170 से अधिक CCTV कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों से रेलवे सुरक्षा बल का कंट्रोल रूम 24 घंटे निगरानी करेगा ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई हो सके।
400 जवानों की तैनाती
श्रद्धालुओं की भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए लगभग 400 सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। RPF और GRP के जवान स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में लगातार गश्त करेंगे। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया है।
सुविधाओं पर खास जोर
रेल मंडल ने यात्रियों के लिए पीने के पानी, शौचालय, मेडिकल सहायता और अनाउंसमेंट सिस्टम को दुरुस्त किया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर और होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं।
रेल अधिकारियों का कहना है कि सावन मेले में हर साल लाखों श्रद्धालु आसनसोल होकर देवघर जाते हैं। इसलिए इस बार सुरक्षा और सुविधा दोनों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो।















