“कविता की पंक्तियों से शुरू हुआ सफर: बीबी कॉलेज के बांग्ला विभाग में नए सत्र का आगाज”
07 जुलाई से शुरू हुई पढ़ाई, सबसे ज्यादा छात्रों वाला विभाग बना ‘बांग्ला परिवार’
आसनसोल। हर साल की तरह इस साल भी बीबी कॉलेज, आसनसोल में नए सत्र की शुरुआत कविता की पंक्तियों के साथ शुरू हुई। मंगलवार से कॉलेज के सबसे लोकप्रिय विभाग ‘बांग्ला’ में प्रथम सेमेस्टर और प्रथम वर्ष के छात्रों की कक्षाएं शुरू हो गईं।
कॉलेज में सबसे अधिक दाखिले जिस विभाग में होते हैं, इस बार भी वह बांग्ला विभाग ही रहा। पहले दिन विभाग का माहौल पूरी तरह छात्रों से गुलजार था।
इंडक्शन प्रोग्राम के साथ हुई शुरुआत
कक्षाएं शुरू होने से पहले विभाग के सभी शिक्षक – डॉ. सोमा चक्रवर्ती [विभागाध्यक्ष], डॉ. लैला मित्र, डॉ. ब्यूटी कर्मकार, डॉ. शुभाशिस बनर्जी, डॉ. ऋत्विक राय, डॉ. ऋतुपर्णा दे तरफ़दार – ने नए छात्रों से औपचारिक भेंट की। इसके बाद सभी प्राचार्य डॉ. अमिताभ बसु के साथ कॉलेज के विवेकानंद सभागृह पहुंचे।
पहले ही दिन विभाग द्वारा इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया गया। अनुशासन और नियमबद्धता के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में प्राचार्य महोदय ने छात्रों को संबोधित किया। कॉलेज जीवन के पहले दिन ही प्राचार्य से मिलकर और उनके महत्वपूर्ण विचार सुनकर छात्रों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बाद में डॉ. बैजयंती मुखोपाध्याय भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
बांग्ला परिवार की शपथ
विभाग के शिक्षक डॉ. ऋत्विक राय ने कहा कि बीबी कॉलेज का बांग्ला विभाग सिर्फ एक शैक्षणिक विभाग नहीं है, बल्कि यह आपसी आत्मीयता और एकजुटता की शपथ के साथ एक ‘बांग्ला परिवार’ है।
2026 के नए सत्र की शुरुआत में ही ‘बांग्ला परिवार’ ने सकारात्मक सोच और शुभकामनाओं के साथ अपनी यात्रा शुरू कर दी है।















