आसनसोल नगर निगम की कार्रवाई: राहा लेन से लेकर हटन के फुटपाथ पर चला बुलडोजर, अवैध कब्जे हटाए गए
जाम और पैदल चलने वालों की समस्या को लेकर चला अभियान, दुकानदारों से मिली-जुली प्रतिक्रिया
आसनसोल, 10 जुलाई 2026। शहर को जाम मुक्त और पैदल चलने लायक बनाने के लिए आसनसोल नगर निगम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम का बुलडोजर राहा लेन से लेकर हटन रोड तक के फुटपाथ पर चला और वहां लगे अवैध कब्जों को हटाया गया।
निगम के अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में यह अभियान चलाया गया। फुटपाथ पर अवैध कब्जा सहित रखे गए ठेले, टेबल, बैनर और अन्य सामान को हटाकर बुलडोजर से साफ किया गया।
अधिकारियों का कहना है कि राहा लेन से हटन रोड तक में लगातार जाम और पैदल चलने वालों को दिक्कत की शिकायतें मिल रही थी। फुटपाथ पर दुकानदारों द्वारा किए गए कब्जे की वजह से आम लोग सड़क पर चलने को मजबूर थे। इसी को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई। इसे लेकर गुरुवार को मंत्री अग्निमित्रा पॉल की अध्यक्षता में बैठक की गई थी। बैठक में निर्णय लिया गया था कि राहा लेन से हटन रोड तक अवैध कब्जा को हटाया जाएगा। इसे लेकर गुरुवार को मेकिंग भी की गई थी।
स्थानीय दुकानदारों की इस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई। कुछ ने निगम के इस कदम का स्वागत किया तो कुछ ने पुनर्वास की मांग की।
नगर निगम ने चेतावनी दी है कि फुटपाथ पर दोबारा कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।















