“पांडवेश्वर में सियासी घमासान: वीर बहादुर सिंह ने पूर्व विधायक नरेंद्र चक्रवर्ती पर बोला हमला, जितेंद्र तिवारी की की तारीफ”
नरेंद्र चक्रवर्ती ‘स्वार्थी राजनीति’ कर रहे – वीर बहादुर सिंह, बोले जनता का साथ जितेंद्र तिवारी के साथ
पांडवेश्वर । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आए करीब 2 महीने हो चुके हैं, लेकिन पांडवेश्वर की राजनीति एक बार फिर गर्म हो गई है।
तृणमूल कांग्रेस नेता और बहुला ग्राम पंचायत के उपप्रधान वीर बहादुर सिंह ने पूर्व विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती पर जमकर निशाना साधा और कई गंभीर आरोप लगाए।
पूर्व विधायक पर लगे आरोप
वीर बहादुर सिंह ने कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती क्षेत्र में अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं। उनका कहना है कि जनता ने अपना जनादेश वर्तमान विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी को दिया है और क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी भी उन्हीं को सौंपी है।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सत्ता बदलने के बाद पूर्व विधायक ने अपने कार्यकर्ताओं की सुध तक नहीं ली। “चुनाव में दिन-रात मेहनत करने वाले कई कार्यकर्ता आज खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। ये स्वार्थी राजनीति है और जनता अब सब समझ चुकी है” वीर बहादुर सिंह ने कहा।
जितेंद्र तिवारी की तारीफ
वहीं दूसरी ओर उन्होंने विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि तिवारी लगातार क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं के समाधान में जुटे हैं।
“जनता का पूरा भरोसा जितेंद्र तिवारी के साथ है। आने वाले समय में पांडवेश्वर में विकास कार्य और तेज होंगे” उन्होंने दावा किया।
राजनीतिक हलचल तेज
वीर बहादुर सिंह के इस बयान के बाद पांडवेश्वर में राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर बढ़ गई है।
हालांकि इस मामले में पूर्व विधायक नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
