“जाम मुक्त होगा आसनसोल: ADDA सीईओ अदिति चौधरी ने व्यापारियों के साथ की बैठक, फ्लाईओवर और पार्किंग पर दिया जोर”
“आसनसोल के विकास को नई रफ्तार: जीटी रोड पर फ्लाईओवर, मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव ADDA को सौंपा”
आसनसोल । शहर को जाम मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से ADDA की सीईओ सह आसनसोल नगर निगम की प्रशासक अदिति चौधरी ने मंगलवार को शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठक की।
बैठक ADDA भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई। इसमें शहर के विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
कौन-कौन रहे मौजूद
बैठक में FOSBECI अध्यक्ष सचिन राय, साउथ बंगाल चैंबर अध्यक्ष वीके ढल, महासचिव जगदीश बागड़ी, आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स सचिव शंभूनाथ झा, नरेश अग्रवाल, आसनसोल मर्चेंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष हिरेन व्यास, अमित छाबड़ा सहित कई प्रमुख व्यवसायी शामिल हुए।
क्या रखे गए प्रस्ताव
बैठक में व्यापारियों ने ADDA और नगर निगम के सामने शहर के विकास को लेकर कई अहम सुझाव रखे।
FOSBECI अध्यक्ष सचिन राय ने कहा कि जीटी रोड पर बढ़ते ट्रैफिक को कम करने के लिए वैकल्पिक फ्लाईओवर बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।
उन्होंने आगे कहा, “एस.बी. गोराई रोड पर दबाव कम करने के लिए आसनसोल जिला अस्पताल के पीछे रेलवे लाइन के पास 4 लेन सड़क बनाने का सुझाव भी रखा। पहले इस प्रोजेक्ट की योजना बनी थी लेकिन काम नहीं हुआ।”
श्री राय ने बताया कि पार्किंग आज शहर की सबसे बड़ी समस्या है। इसे हल करने के लिए मल्टी लेवल स्पाइरल पार्किंग प्लाजा बनाने का प्रस्ताव भी दिया गया है।
आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने आसनसोल को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए 8 महत्वपूर्ण सुझाव, श्री झा ने कहा, “आसनसोल हमारा घर है। व्यापारियों और आम नागरिकों के हित को ध्यान में रखते हुए हमने कुछ व्यावहारिक सुझाव दिए हैं। यदि इन पर अमल होता है तो शहर में जाम, गंदगी और अव्यवस्था की समस्या काफी हद तक दूर होगी।”
1.फुटपाथ दुकानदारों का पुनर्वास: बस स्टैंड से सताब्दी पार्क तक सभी फुटपाथ दुकानदारों के लिए एक निर्धारित जगह बनाई जाए। इससे उनका रोजगार भी बचेगा और मुख्य बाजार में भीड़ भी नहीं लगेगी।
2. सर सैयद अहमद पार्क को ऑटो-टोटो स्टैंड बनाया जाए: आसनसोल चर्च के पास यह पार्क बेकार पड़ा है। इसे विकसित कर ऑटो-टोटो स्टैंड बनाया जाए ताकि हटन रोड मोड़ का जाम खत्म हो।
3. खाली जमीन का सौंदर्यीकरण: ट्रैफिक ऑफिस और शौचालय के बीच गैर-कानूनी कब्जे वाली जमीन को खाली कराकर उसका सौंदर्यीकरण किया जाए।
4. जुबली मोड़ और काली पहाड़ी बस स्टैंड तुरंत शुरू हो: इससे बाहरी राज्यों की बसों को जगह मिलेगी और शहर के अंदर टोटो का दबाव कम होगा।
5. फल मंडी बाईपास शिफ्ट हो: शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए फल की थोक मंडी को बाईपास ले जाना जरूरी है।
6. छोटे पार्क CSR से बने: शहर के हर मोड़ के छोटे पार्कों को निजी कंपनियों को CSR के तहत सौंदर्यीकरण के लिए दिया जाए।
7. टैक्स अमानस्टी योजना: जिन भवनों का टैक्स नहीं जमा है, उन्हें 5 साल का टैक्स देकर पंजीकरण का मौका दिया जाए। इससे निगम को बड़ा राजस्व मिलेगा।
8. सफाई और जल बचत: शहर में सफाई अभियान तेज हो और पानी की बर्बादी पर रोक लगे।
श्री झा ने आगे कहा, “इनके अलावा भी कुछ विषय हैं जिस पर हम प्रशासक महोदया से मिलकर विस्तार से चर्चा करना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य सिर्फ आलोचना करना नहीं, बल्कि मिलकर आसनसोल को एक आदर्श शहर बनाना है।”
हर महीने होगी बैठक
बैठक में ADDA सीईओ अदिति चौधरी ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों के सुझावों को विकास कार्यों में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब से हर महीने इस तरह की बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि शहर को बेहतर और व्यवस्थित बनाया जा सके।
