Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“सजा के बाद भी नहीं माने! कुल्टी का दंपति 24 ग्राम हेरोइन के साथ फिर गिरफ्तार, पुलिस को बड़े नेटवर्क की आशंका”

आसनसोल। नशीले पदार्थों के कारोबार पर लगाम लगाने के तमाम दावों के बावजूद तस्कर बाज नहीं आ रहे। इसका ताजा उदाहरण कुल्टी के नियामतपुर में देखने को मिला, जहां एनडीपीएस एक्ट में पहले से सजा काट चुका एक दंपति को पुलिस ने फिर से हेरोइन के साथ धर दबोचा।

रानीसायर मोड़ के पास से हुई गिरफ्तारी
गुरुवार रात नियामतपुर फांड़ी के एसआई मिलन भुईं के नेतृत्व में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर आईएससीओ बाइपास रोड, रानीसायर मोड़ के पास से इस दंपति को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पप्पू अंसारी और सुबेतारा खातून के रूप में हुई है। दोनों बामुनडीहा मदरसा पाड़ा, कुल्टी के रहने वाले हैं।

तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 24 ग्राम हेरोइन बरामद की। इसके साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कुछ अन्य सामान भी जब्त किए गए।

2020 में भी हुई थी 10 साल की सजा
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह दंपति पहले भी 2020 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार हुआ था। उस मामले में आसनसोल की विशेष एनडीपीएस अदालत ने दोनों को 10 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। बाद में उन्हें उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई थी।

जमानत पर बाहर आते ही फिर से इसी धंधे में लिप्त हो जाने से पुलिस और प्रशासनिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं।

बड़े नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका
पुलिस का मानना है कि बरामद हेरोइन किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन के स्रोत और आपूर्ति चेन का पता लगाने में जुटी है।

शुक्रवार को दोनों आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। गहन पूछताछ के लिए पुलिस ने कोर्ट से 10 दिन की रिमांड की मांग की है।

कुल्टी थाना प्रभारी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *