“आसनसोल अदालत ठप: पुलिस पर कार्रवाई का आरोप, वकीलों ने बंद किया अदालत का मुख्य गेट”
आसनसोल । पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी ने सोमवार को आसनसोल जिला अदालत का काम पूरी तरह रोक दिया। आसनसोल बार एसोसिएशन के वकीलों ने अदालत के मुख्य गेट पर ताला जड़कर कर्मविराम शुरू कर दिया। इस विरोध के कारण न सिर्फ अदालत की सुनवाई प्रभावित हुई, बल्कि पुलिस और आम लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अयन रंजन मुखर्जी के अनुसार, कुछ दिन पहले कुछ बाहरी लोगों ने कई वकीलों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय आरोपी वकील अदालत में मौजूद भी नहीं थे। इसके बावजूद पुलिस ने बिना जांच-पड़ताल के सीधे FIR दर्ज कर ली। इसी को लेकर वकीलों में गुस्सा है।
शनिवार को इस मुद्दे पर वकीलों ने पहले धरना दिया था। मांग पूरी न होने पर सोमवार को आंदोलन को और तेज कर दिया गया। सुबह से ही वकीलों ने अदालत परिसर के मुख्य द्वार को बंद कर दिया और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन की वजह से पुलिसकर्मी भी अदालत के अंदर नहीं जा सके, जिससे कई सरकारी काम लटक गए।
वकीलों का साफ कहना है कि जब तक आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारी आकर बात नहीं करेंगे और मामले का समाधान नहीं निकालेंगे, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा। अदालत का गेट भी तभी खुलेगा।
इस कर्मविराम में वरिष्ठ अधिवक्ता शेखर कुंडू, बाणी मंडल समेत आसनसोल बार के लगभग सभी सदस्य शामिल हुए। अदालत बंद होने से दूर-दराज से आए वादकारियों को भी वापस लौटना पड़ा।














