Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल चेम्बर का ऐलान: व्यवसायियों को अब कोई परेशान नहीं करेगा, शिकायत सीधे CM तक पहुंचेगी

आसनसोल को फिर बनाएंगे उद्योगों का सुरक्षित हब: चेम्बर सचिव शम्भु नाथ झा का बड़ा बयान

आसनसोल। व्यवसायियों को किसी भी प्रकार के दबाव और उत्पीड़न से मुक्त करने के लिए आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स मैदान में उतर आया है। चेम्बर के सचिव शम्भु नाथ झा ने सोमवार को सभी सदस्यों, व्यापारियों और उद्योगपतियों के बीच मुख्यमंत्री का हालिया संदेश साझा करते हुए 3-स्तरीय शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी।

शम्भु नाथ झा ने कहा कि यदि कोई नेता या अन्य व्यक्ति किसी व्यवसायी को अनावश्यक रूप से परेशान करता है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री का संदेश संबंधित व्यक्ति को दिखाया जाए। इसके बाद भी बात न बने तो मामले की जानकारी स्थानीय विधायक को दी जाएगी। और अगर वहां से भी समाधान नहीं निकला तो सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष यह मामला उठाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस पहल का मकसद आसनसोल में भयमुक्त कारोबारी माहौल बनाना है, ताकि व्यापारी और उद्योगपति बिना किसी डर के अपना काम कर सकें।

सचिव ने स्पष्ट किया कि चेम्बर का एकमात्र उद्देश्य आसनसोल को फिर से उद्योग और व्यापार का सुरक्षित केंद्र बनाना है। उन्होंने कहा कि उन्हें हाल में कुछ गंभीर शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद व्यवसायियों के हितों की रक्षा के लिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया।

शम्भु नाथ झा को उम्मीद है कि इस तरह व्यवसायियों के पक्ष में खुलकर खड़े होने से उद्योगपतियों और व्यापारियों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत होगी। इससे नए निवेश और नए उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *