Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“कल्याणेश्वरी में चोरों का आतंक: रिसॉर्ट-लॉज में ताबड़तोड़ चोरी, नकदी, मोबाइल और बाइक लेकर फरार”

कुल्टी । शिल्पांचल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कल्याणेश्वरी में बीती रात चोरों ने तांडव मचा दिया। कुल्टी थाना के चौरांगी फांड़ी क्षेत्र स्थित ‘आसा रिसॉर्ट’ और ‘आपनजन लॉज’ में लगातार चोरी की वारदातों से इलाके में हड़कंप मच गया है।

पहले रिसॉर्ट का कैश और DVR उड़ाया
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बीती रात देर में बदमाशों ने सबसे पहले ‘आसा रिसॉर्ट’ को निशाना बनाया। यहां उन्होंने कैश बॉक्स तोड़कर करीब 57 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।

सबूत मिटाने के लिए चोर रिसॉर्ट में लगे CCTV का DVR मशीन भी उखाड़ कर साथ ले गए।

लॉज में घुसकर पर्यटकों का सामान और बाइक चुराई
आसा रिसॉर्ट के बाद बदमाश सीधे बगल के ‘आपनजन लॉज’ में घुसे। यहां हुगली से घूमने आए चार दोस्तों के कमरे को टारगेट किया। खिड़की तोड़कर कमरे से एक iPhone, एक Poco एंड्रॉयड फोन निकाल लिया।

इसके बाद लॉज के बाहर खड़ी पर्यटकों की बाइक की चाबी लेकर गेट का ताला तोड़ा और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए।

CCTV में कैद हुआ एक आरोपी, पिता हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही *कुल्टी थाना पुलिस* मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास के CCTV फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध की पहचान हुई है।

होटल मालिकों का आरोप है कि फुटेज में ‘रिकबुल’ नामक स्थानीय युवक साफ दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि रिकबुल पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। पुलिस ने पूछताछ के लिए आरोपी रिकबुल के पिता को हिरासत में लिया है।

सुरक्षा पर उठे सवाल, पर्यटकों में दहशत
इस घटना के बाद कल्याणेश्वरी के होटल-लॉज मालिकों और पर्यटकों में भारी दहशत है। होटल संचालकों का कहना है कि यह इलाका चौरांगी फांड़ी के अंतर्गत आता है, लेकिन ठीक सामने सालानपुर थाना की कल्याणेश्वरी फांड़ी भी है। इसके बावजूद इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई, यह सवाल उठ रहा है।

पीड़ित एक पर्यटक ने कहा, “आज हमारे साथ हुआ है, कल किसी और के साथ हो सकता है। कल्याणेश्वरी जैसे पर्यटन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करनी जरूरी है।”

पुलिस का बयान
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। बहुत जल्द मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *