श्रावणी मेला के लिए आसनसोल मंडल ने किए व्यापक प्रबंध
87% विस्तारित यात्री अवसंरचना, विशेष ट्रेन सेवाएँ, उन्नत यात्री सुविधाएँ तथा बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था से कांवड़ियों की यात्रा होगी अधिक सुगम एवं सुरक्षित
आसनसोल, 31 जुलाई 2026 । श्रावणी मेला–2026 के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने जसीडीह, देवघर एवं बासुकीनाथ सहित प्रमुख तीर्थ स्टेशनों पर व्यापक व्यवस्थाएँ की हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य यात्री क्षमता में वृद्धि, बेहतर रेल संपर्क, सुदृढ़ टिकटिंग व्यवस्था, उन्नत यात्री सुविधाएँ, स्वच्छता, प्रौद्योगिकी आधारित संचालन तथा मजबूत सुरक्षा उपायों के माध्यम से लाखों श्रद्धालुओं को निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करना है।
यात्री अवसंरचना में 87% विस्तार
श्रावणी मेला पंडाल का क्षेत्रफल 69,000 वर्ग फुट से बढ़ाकर 1,29,000 वर्ग फुट किया गया है, जिससे यात्रियों के ठहरने एवं भीड़ प्रबंधन के लिए अधिक स्थान उपलब्ध कराया गया है।
बेहतर रेल संपर्क
कांवड़ियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
सुदृढ़ टिकटिंग व्यवस्था
तेज एवं सुगम टिकटिंग सुविधा के लिए 20 यूटीएस टिकट काउंटर, 6 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) तथा 30 मोबाइल यूटीएस उपकरण तैनात किए गए हैं।
उन्नत यात्री सुविधाएँ
यात्रियों की सुविधा के लिए 25 अतिरिक्त वाटर कूलर, लगभग 400 एलईडी लाइटें, विस्तारित प्रतीक्षालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था तथा समर्पित ‘मे आई हेल्प यू’ सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं।
स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था
अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती के साथ व्यापक हाउसकीपिंग व्यवस्था की गई है। यात्री आवागमन एवं पंडाल क्षेत्रों में पीवीसी शीट बिछाई गई हैं। इसके अतिरिक्त 8 मोबाइल बायो-टॉयलेट वैन तथा मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा निरंतर निगरानी के माध्यम से स्वच्छता सुनिश्चित की जा रही है।
प्रौद्योगिकी आधारित संचालन
अतिरिक्त सीसीटीवी निगरानी, उन्नत पब्लिक एड्रेस सिस्टम, एलईडी डिस्प्ले बोर्ड, मोबाइल टिकटिंग नेटवर्क को सुदृढ़ बनाया गया है। जसीडीह में 24×7 एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर तथा डीआरएम कार्यालय, आसनसोल में समर्पित वॉर रूम के माध्यम से सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है।
बहु-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
330 रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) कर्मियों की तैनाती के साथ सीसीटीवी निगरानी, चिकित्सा दल, चिकित्सा सहायता केंद्र, अग्निशमन उपकरण तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
यात्रियों के लिए अपील
रेलवे कांवड़ियों से अनुरोध करता है कि वे रेलवे की घोषणाओं का पालन करें, फुट ओवर ब्रिज का उपयोग करें, पटरियाँ पार न करें, केवल रुकी हुई ट्रेन में ही चढ़ें एवं उतरें, स्वच्छता बनाए रखें तथा आवश्यकता पड़ने पर रेलवे कर्मचारियों से सहायता प्राप्त करें।















