आसनसोल में 3 से 9 अगस्त तक 58वीं वेस्ट बंगाल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप – 1000+ शूटर लेंगे हिस्सा
आसनसोल । आसनसोल राइफल क्लब और वेस्ट बंगाल राइफल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में 3 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक 58वीं वेस्ट बंगाल स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। उक्त बात की जानकारी पत्रकारों को संबोधित करते हुए क्लब के मेंटर और वेस्ट बंगाल राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष बीके ढल ने इसकी जानकारी दी।
यह चैंपियनशिप आसनसोल राइफल क्लब में होगी। इस साल यह आयोजन क्लब के लिए खास है क्योंकि 1951 में स्थापित आसनसोल राइफल क्लब अपने 75 गौरवशाली वर्ष पूरे कर रहा है।
1000 से ज्यादा शूटर होंगे शामिल
बीके ढल ने बताया कि इस प्रतियोगिता में पूरे बंगाल से 1000 से ज्यादा लड़के-लड़कियां भाग लेंगे। इसमें राइफल और पिस्टल के सभी इवेंट्स होंगे – 10 मीटर एयर राइफल, 10 मीटर एयर पिस्टल, 50 मीटर प्रोन, 50 मीटर 3P और 25 मीटर पिस्टल। सभी इवेंट्स एक सप्ताह के अंदर कराए जाएंगे।
कार्यक्रम का शेड्यूल
– उद्घाटन: 3 अगस्त, सोमवार सुबह 12 बजे
– पहला पुरस्कार वितरण: 7 अगस्त, शाम 5 बजे
– समापन और अंतिम पुरस्कार वितरण: 9 अगस्त, दोपहर 3 बजे
नेशनल तक का रास्ता
इस चैंपियनशिप में क्वालीफाई करने वाले शूटर्स के लिए आगे का रास्ता भी खुला है। प्रत्येक इवेंट के लिए निर्धारित MPS – Minimum Qualifying Score हासिल करने वाले खिलाड़ी 25 अगस्त से आसनसोल में होने वाली प्री नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप और मवलंकर में भाग ले सकेंगे। इसके बाद दिसंबर में होने वाली नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में भी मौका मिलेगा।
बीके ढल ने सभी खेल प्रेमियों से अपील की कि वे आकर इस प्रतियोगिता को देखें। उन्होंने कहा कि 62 साल पुराने सदस्य अशोक चैटर्जी भी उसी उत्साह के साथ इस आयोजन से जुड़े हुए हैं, जो क्लब की 75 साल की यात्रा को और गौरवपूर्ण बनाता है।














