Recent Posts

Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल में GT रोड की लाइफलाइन बंद करने पर बवाल, कुमारपुर में फ्लाईओवर के नीचे सड़क बंद करने से भड़के लोग – बोले ’10 हजार लोगों का रास्ता मत रोको

आसनसोल। । कुमारपुर, मनोज सिनेमा हॉल के पास GT रोड पर रेलवे द्वारा एक अहम कनेक्टिंग रोड को बंद करने की कोशिश से इलाके में भारी नाराजगी है। रविवार सुबह जब रेलवे अधिकारी सड़क बंद करने पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने तुरंत विरोध शुरू कर दिया और काम रुकवा दिया।

लोगों का साफ कहना है – “बातचीत के बिना एकतरफा फैसला मंजूर नहीं”।

“ये सड़क हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरत”
गोपालपुर निवासी दीपक कुमार सिंह ने कहा कि फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने वाली यह सड़क कुमारपुर और आसपास के इलाकों के लिए मेन कनेक्टिंग रोड है।

“रोजाना यहां से करीब 10 हजार गाड़ियां गुजरती हैं। कार, टोटो, रिक्शा, ठेला, साइकिल और स्कूल वैन इसी रास्ते से आती-जाती हैं। दुर्गा पूजा में जब फ्लाईओवर पर जाम लगता है तो पुलिस भी ट्रैफिक डायवर्ट करने के लिए इसी सड़क का इस्तेमाल करती है। अगर इसे बंद कर दिया गया तो आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो जाएगा।”बिना नोटिस, बिना बैठक – लोगों में आक्रोश

स्थानीय लोगों की सबसे बड़ी शिकायत है कि जिला प्रशासन और रेलवे ने सड़क बंद करने से पहले कोई नोटिस नहीं दिया और न ही कोई बैठक बुलाई।

लोगों का सवाल है, “अगर बंद करना जरूरी है तो वजह सार्वजनिक की जाए। हमसे पूछा क्यों नहीं गया?”

लोगों ने यह भी याद दिलाया कि पहले कई बार फ्लाईओवर पर एक्सीडेंट या जाम की स्थिति में इसी निचली सड़क से ट्रैफिक सुचारू किया गया था।

सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता
इलाके के लोगों ने आशंका जताई कि सड़क बंद होने से रात में पुलिस पेट्रोलिंग बाधित होगी। कुमारपुर में पहले भी आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में रास्ता बंद करने से अपराध बढ़ने का खतरा है।

DM और DRM से बातचीत की मांग
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे झगड़ा नहीं चाहते। उनकी मांग है कि जिला प्रशासन के DM और पूर्वी रेलवे आसनसोल डिवीजन के DRM स्थानीय लोगों के साथ बैठकर बात करें और सड़क बंद करने की वजह बताएं।

“बातचीत होने तक इस काम को तुरंत रोका जाए। मामला स्थानीय MLA तक भी पहुंचाया गया है।” आंदोलनकारियों ने कहा।

फिलहाल पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन और पूर्वी रेलवे आसनसोल डिवीजन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

 

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *