Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“आसनसोल: बोहाल बाजार में 31 लाख की लागत से बनेगा अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने किया शिलान्यास – ‘हर घर तक पहुंचेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवा'”

आसनसोल । आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के बोहाल बाजार, वार्ड नंबर 29 के निवासियों को अब बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। इलाके में अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर (U-H&WC) के निर्माण कार्य का सोमवार को विधिवत शिलान्यास किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान स्थानीय पार्षद गौरव गुप्ता, समाजसेवी राज गिरी, भाजपा नेता प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

शिलान्यास के बाद विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा,
“आज बोहाल बाजार के लिए ऐतिहासिक दिन है। राज्य सरकार के सहयोग से इस वार्ड में अर्बन हेल्थ वेलनेस सेंटर बनाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि किसी भी गरीब, महिला या बुजुर्ग को छोटे-मोटे इलाज के लिए दूर न जाना पड़े। प्राथमिक स्वास्थ्य, जांच, दवा और जागरूकता सब कुछ अब यहीं मिलेगा।”
उन्होंने आगे कहा, यह सेंटर वार्ड 29 के साथ-साथ आसपास के इलाकों के हजारों लोगों के लिए वरदान साबित होगा। मैं आम लोगों से अपील करता हूं कि वे इस सेंटर का पूरा लाभ लें। इसके अलावा उन्होंने कहा कि वार्ड में जो कार्य कराना हो आप लोग गौरव गुप्ता को बोलिएगा। जनता की सुविधा के लिए कार्य किया जाएगा। यह सरकार आम जनता की सरकार है। जनता की सेवा करना हमलोगों का पहला कर्तव्य है।
नए बनने वाले वेलनेस सेंटर में प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, टीकाकरण और नि:शुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्थानीय पार्षद गौरव गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से इलाके के लोगों की मांग थी कि यहां एक स्वास्थ्य केंद्र बने। अब यह सपना साकार होने जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने विधायक और नगर निगम का आभार जताते हुए कहा कि इस सेंटर से उन्हें अब इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *