Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“पुलिस की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश! झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा मुठभेड़ में ढेर”

जामताड़ा । झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा रविवार देर रात जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस का दावा है कि साहेबगंज मॉडल जेल से धनबाद मंडल जेल ले जाते समय उसने एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे झारखंड में सनसनी फैल गई है।

टायर पंचर के बाद हुआ फरार होने का प्रयास
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अदालत के आदेश पर सुजीत सिन्हा को साहेबगंज मॉडल जेल से धनबाद मंडल जेल शिफ्ट किया जा रहा था।

देर रात जामताड़ा-साहेबगंज मुख्य सड़क पर सुपयाडीह गांव के पास पुलिस काफिले की एक गाड़ी का टायर पंचर हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर उसे दूसरी गाड़ी में शिफ्ट करने की तैयारी की जा रही थी।

इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर एक पुलिस कांस्टेबल की राइफल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने लगा। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। गोली लगने से सुजीत गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल ले जाने से पहले हुई मौत
सूचना मिलते ही जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल सुजीत को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

SP शंभू कुमार सिंह ने बताया,
“पूरे ऑपरेशन को साहेबगंज पुलिस की टीम लीड कर रही थी। कोर्ट के निर्देश पर ही सुजीत को धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गाड़ी बदलते समय ही उसने पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। आत्मरक्षा में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। कितने राउंड फायर हुए और सुजीत को कितनी गोलियां लगीं, इसकी जांच के बाद ही बताया जाएगा।”

इलाके में हाई अलर्ट
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सुजीत सिन्हा पर झारखंड के कई जिलों में हत्या, रंगदारी और अवैध हथियार के कई मामले दर्ज थे।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *