आसनसोल: ‘Vocal for Local’ से ‘Local to Global’ तक का सफर, निर्यात को बढ़ावा देने पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन
आसनसोल । स्थानीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से रविवार को आसनसोल के रवींद्र भवन में “निर्यात संवर्धन पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार” का भव्य आयोजन किया गया।
आत्मनिर्भर भारत के मूल मंत्र को आगे बढ़ाते हुए इस सेमिनार का फोकस MSME यानी सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को वैश्विक स्तर पर विस्तार देने, स्थानीय उत्पादन बढ़ाने और क्षेत्र में रोजगार के अवसर पैदा करने पर रहा।
बड़े नेता और उद्योगपति एक मंच पर
सेमिनार के उद्घाटन सत्र में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी और पूर्व सांसद एस.एस. अहलूवालिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके साथ ही कई प्रमुख उद्योगपति, नीति निर्माता और स्थानीय उद्यमी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। मंच से वक्ताओं ने कहा कि MSME को सशक्त बनाना और मजबूत औद्योगिक ढांचा तैयार करना ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी कुंजी है।
“Local to Global” पर दिया जोर
सेमिनार में विशेषज्ञों ने बताया कि आसनसोल और आसपास के क्षेत्र में बने उत्पादों में निर्यात की भारी संभावनाएं हैं। सरकार की योजनाओं, निर्यात प्रक्रियाओं, फंडिंग और अंतरराष्ट्रीय मार्केटिंग की जानकारी भी उद्यमियों को दी गई।
कार्यक्रम में मौजूद उद्यमियों ने कहा कि इस तरह के मंच से उन्हें वैश्विक बाजार की जानकारी मिली है और अब वे अपने उत्पादों को विदेशों तक ले जाने के लिए तैयार हैं।
आयोजकों ने कहा कि ‘Vocal for Local’ की सोच को अब ‘Local to Global’ तक ले जाना है, ताकि आसनसोल के छोटे उद्योग भी दुनिया भर में अपनी पहचान बना सकें।














