पूर्व रेलवे का बड़ा तोहफा: छोटे स्टेशनों पर लगेंगी 571 नई एटीवीएम मशीनें, अब लाइन में लगकर नहीं कटेगा टिकट
आसनसोल । लंबी लाइन की झंझट खत्म। अब छोटे स्टेशनों पर भी यात्रियों को टिकट के लिए काउंटर के सामने घंटों खड़ा नहीं होना पड़ेगा। पूर्व रेलवे यात्रियों की सुविधा के लिए अपने छोटे-छोटे स्टेशनों पर 571 नई एटीवीएम मशीनें लगाने जा रहा है।
लाइन की समस्या से मिलेगी मुक्ति
पूर्व रेलवे के प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर डॉ. उदय शंकर झा ने बताया कि छोटे स्टेशनों पर सबसे बड़ी दिक्कत टिकट काउंटर पर लगने वाली लंबी कतार है। कई बार लाइन के कारण यात्रियों की लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी छूट जाती हैं। इसी समस्या को देखते हुए रेलवे ने एटीवीएम मशीनों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है।
चारों मंडलों में अभी कितनी मशीनें काम कर रही हैं
फिलहाल पूर्व रेलवे के 4 मंडलों में एटीवीएम मशीनें संचालित हैं:
1. सियालदह मंडल: 109 स्टेशनों पर नई मशीनें लगीं। कुल 280 एटीवीएम से टिकट मिल रहा है।
2. हावड़ा मंडल: 62 नई मशीनें लगाई गईं। कुल 188 एटीवीएम काम कर रही हैं।
3. आसनसोल मंडल: 25 नई मशीनें लगाई गईं। कुल 70 एटीवीएम सक्रिय हैं।
4. मालदा मंडल: 20 नई मशीनें लगाई गईं। कुल 32 एटीवीएम चल रही हैं।
नई मशीनों की खासियत
डॉ. झा ने बताया कि पुरानी मशीनों में प्रिंटिंग की समस्या और कागज फटने की शिकायतें आती थीं। यात्री किराया और दूरी ठीक से नहीं पढ़ पाते थे।
नई एटीवीएम मशीनों में बेहतर प्रिंटिंग क्वालिटी और मजबूत कागज का इस्तेमाल होगा। टिकट पर स्टेशन का नाम, दूरी, किराया सब कुछ साफ-साफ लिखा मिलेगा। साथ ही इन मशीनों में चिल्लर की समस्या भी नहीं होगी।
571 नई मशीनों की खरीदारी जल्द
रेलवे जल्द ही 571 नई एटीवीएम मशीनों की खरीदारी करने जा रहा है। इन मशीनों को उन छोटे स्टेशनों पर लगाया जाएगा जहां अभी यह सुविधा नहीं है।
उद्देश्य साफ है – यात्री सीधे एटीवीएम पर जाएं, बटन दबाएं और तुरंत हाथों-हाथ टिकट पाएं। बिना लाइन, बिना देरी।














