“नियामतपुर में पुलिस का छापा: रेड लाइट एरिया का जुआ अड्डा ध्वस्त, 61 हजार नकद बरामद, मुख्य संचालक गिरफ्तार”
कुल्टी । पश्चिम बर्दवान जिले में अवैध कारोबार पर कुल्टी थाना पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। नियामतपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के दिशा रेड लाइट एरिया में लंबे समय से चल रहे अवैध जुआ अड्डे पर बुधवार को पुलिस ने छापेमारी कर उसे ध्वस्त कर दिया।
61 हजार रुपये नकद बरामद, संचालक अरेस्ट छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 61 हजार रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने जुआ अड्डे के कथित संचालक गौतम विश्वास को भी गिरफ्तार कर लियाआज आरोपी को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे रिमांड पर लेने की मांग की है।
नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी पुलिस
अधिकारियों के मुताबिक जांच का फोकस अब इस पूरे जुआ नेटवर्क पर है। पुलिस यह पता लगा रही है कि:
1. इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं
2. पैसे का लेन-देन और आर्थिक तंत्र कैसे चलता था
3. इसके पीछे किसका संरक्षण था
स्थानीय लोगों में चर्चा तेज
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिशा क्षेत्र में यह जुआ का कारोबार कई वर्षों से खुलेआम चल रहा था। कुछ लोगों का दावा है कि पहले इसे राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था, जिस वजह से कार्रवाई नहीं हो पाती थी। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
लोगों का सवाल है कि इतने लंबे समय तक यह अड्डा कैसे चलता रहा? क्या अब इस छापेमारी से पूरे रैकेट का खुलासा होगा?
पहले भी हुआ था बड़ा अभियान
उल्लेखनीय है कि कुछ साल पहले इसी दिशा रेड लाइट एरिया में नाबालिग लड़कियों को देह व्यापार से मुक्त कराने के लिए भी पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया था। तब भी क्षेत्र के कुछ नाम सामने आए थे।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें और कौन शामिल थे।














