दुर्गापुर में बड़ा खुलासा: बंद ईंट-भट्ठे से बरामद हुए 48 लाख रुपये, पुलिस जांच में जुटी
दुर्गापुर । बीरभूम में बालू-पत्थर कारोबारी के ठिकानों से करोड़ों की बरामदगी के बाद अब पश्चिम बर्धमान में भी पुलिस को बड़ी नकदी हाथ लगी है। दुर्गापुर के गौरबाजार इलाके में स्थित एक बंद ईंट-भट्ठे से पुलिस ने करीब 48 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।
चोरी की जांच के दौरान मिला खजाना
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरीदपुर थाना की टीम एक चोरी के मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि गौरबाजार के एक पुराने बंद ईंट-भट्ठे में संदिग्ध गतिविधि हो रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने ईंट-भट्ठे पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से 48 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के सामने कई सवाल
फिलहाल पुलिस के लिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी रकम बंद ईंट-भट्ठे में क्यों और किसने छिपाकर रखी थी?
1. इस नकदी का स्रोत क्या है?
2. क्या इसका संबंध चोरी की वारदात से है?
3. इसके पीछे और कौन लोग शामिल हैं?
पुलिस का कहना है कि बरामद रकम की गहन जांच की जा रही है। पैसे के लेन-देन और मालिकाना हक को लेकर भी पड़ताल जारी है।














