“आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज में बवाल: स्कॉर्पियो से कुचलने की कोशिश, गाड़ी से राइफल बरामद का दावा, कैंपस में तनाव”
आसनसोल । आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज का गुरुवार का दिन हिंसा और अफरा-तफरी के नाम रहा। एक छात्रा से कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ा और देखते ही देखते पूरा कैंपस रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। घटना के बाद कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
क्या था पूरा मामला?
आरोप है कि कुछ दिन पहले छात्र रुद्र सिंह ने एक छात्रा के साथ मारपीट की थी। जब कुछ छात्रों ने इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई। उस दिन मामला किसी तरह शांत हो गया था, लेकिन छात्रों के मन में गुस्सा बना रहा।
गुरुवार को फिर भड़का बवाल
छात्रों का आरोप है कि गुरुवार को आरोपी रुद्र सिंह दो काली स्कॉर्पियो गाड़ियों के साथ कई बाहरी लोगों को लेकर कॉलेज परिसर पहुंचा। विरोध शुरू होते ही गाड़ियों से छात्रों को कुचलने की कोशिश की गई। इससे कैंपस में भगदड़ मच गई।
गुस्साए छात्रों ने एक स्कॉर्पियो में जमकर तोड़फोड़ कर दी। दूसरी गाड़ी लेकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
गाड़ी में राइफल का दावा, सुरक्षा पर सवाल
छात्रों का सबसे गंभीर आरोप यह है कि स्कॉर्पियो में से एक राइफल भी मिली थी। छात्र कह रहे हैं कि यह लाइसेंसी हथियार हो सकता है या एयर गन। हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सवाल यह भी उठ रहा है कि बाहरी लोग हथियार के साथ कॉलेज के अंदर कैसे घुसे? कैंपस की सुरक्षा कहां थी?
राजनीतिक दखल, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेता शुभाशीष दास और एबीवीपी कार्यकर्ता भी कॉलेज पहुंच गए। माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख आसनसोल उत्तर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए।
प्रशासन की कार्रवाई
कॉलेज प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्र रुद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही उसके अभिभावकों को भी कॉलेज में तलब किया गया है। मामले की जांच जारी है।
छात्रों की मांग
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि कैंपस में बाहरी लोगों की एंट्री पर तुरंत रोक लगे। छात्राओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।














