आसनसोल के विकास के लिए FOSBECCI का बड़ा मांगपत्र: फ्लाईओवर, पार्किंग प्लाजा और बर्नपुर एयरपोर्ट पर फोकस
आसनसोल । शहर के व्यापार और विकास को नई रफ्तार देने के लिए फेडरेशन ऑफ साउथ बंगाल चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने आसनसोल नगर निगम आयुक्त दिलीप मिश्रा को एक मांगपत्र सौंपकर शहर की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग की।
फास्बेक्सी के प्रतिनिधि मंडल में सचिन राय, आरपी खेतान शामिल थे। उन्होंने आयुक्त को सम्मानित भी किया।
ट्रैफिक और पार्किंग बनी मुख्य समस्या
संगठन ने पत्र में कहा कि आसनसोल में तेजी से शहरीकरण और बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण शहर की सड़कें जाम की गिरफ्त में हैं। इससे व्यापार और आम लोगों दोनों को परेशानी हो रही है।
फॉस्बेक्सी की प्रमुख 4 मांगें:
1. उषा ग्राम से पोलो ग्राउंड तक फ्लाईओवर
जीटी रोड पर लगातार लगने वाले जाम से निजात के लिए उषा ग्राम से पोलो ग्राउंड तक फ्लाईओवर बनाने की मांग। इससे सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और वाहनों की आवाजाही सुगम होगी।
2. जीटी रोड बस स्टैंड के पास बहुमंजिला पार्किंग
बस स्टैंड इलाके में पार्किंग की भारी किल्लत है। फास्बेक्सी ने यहां बहुमंजिला पार्किंग प्लाजा बनाने की मांग की ताकि सड़क किनारे अवैध पार्किंग खत्म हो सके।
3. रानीगंज नेताजी प्रतिमा के पास PWD पार्किंग खोले
संगठन ने मांग की कि रानीगंज में बने PWD पार्किंग को तुरंत आम जनता के लिए खोला जाए। साथ ही उसकी क्षमता और लेआउट की भी समीक्षा हो।
4. बर्नपुर एयरपोर्ट जल्द शुरू हो
FOSBECCI ने कहा कि प्रशासनिक अड़चनों और पेड़ों की कटाई की अनुमति लंबित होने के कारण बर्नपुर एयरपोर्ट का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा। इससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास प्रभावित हो रहा है। संगठन ने पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए लंबित मंजूरियां जल्द देने की अपील की।
प्रशासन से बैठक की मांग
फास्बेक्सी ने प्रशासन से अपील की है कि वह स्थानीय व्यापारियों और हितधारकों के साथ जल्द बैठक कर इन मुद्दों का समाधान निकाले।
संगठन का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरे होने से आसनसोल की यातायात व्यवस्था सुधरेगी, व्यापार बढ़ेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।














