भाजपा का ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ लॉन्च: अब बूथ स्तर पर मिलेगी सरकारी योजनाओं की मदद, घर-घर जाकर कराएंगे आवेदन
आसनसोल। सरकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक सीधे पहुंचे, इसी मकसद से भाजपा ने लाभार्थी संपर्क अभियान’ की शुरुआत की घोषणा की है। शुक्रवार को आसनसोल के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित शीतला में पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस अभियान की पूरी रूपरेखा सामने रखी गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आसनसोल संगठनात्मक जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य और आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
अभियान का मकसद क्या है?
नेताओं ने कहा कि केंद्र और राज्य की कई जनकल्याणकारी योजनाएं तो हैं, लेकिन आवेदन की जटिल प्रक्रिया और जानकारी के अभाव में कई पात्र लोग लाभ से वंचित रह जाते हैं।
इसी परेशानी को दूर करने के लिए लाभार्थी संपर्क अभियान’ शुरू किया जा रहा है।
बूथ स्तर तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता
देवतनु भट्टाचार्य ने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक जाकर लोगों की मदद करेंगे।
फॉर्म भरने से लेकर दस्तावेज जुटाने, आवेदन जमा करने और बाद में फॉलोअप करने तक* हर कदम पर सहायता दी जाएगी।
कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने कहा, “पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ विचार को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। हमारा लक्ष्य समाज के सबसे आखिरी व्यक्ति तक सरकारी सुविधा पहुंचाना है।”
डिजिटल और मैनुअल दोनों तरीके
अभियान में मैनुअल सर्वे के साथ-साथ गूगल फॉर्म और एक विशेष ऐप का भी इस्तेमाल होगा। इसके जरिए लाभार्थियों का डाटा, आवेदन की स्थिति और समस्याओं को दर्ज कर ऊपर के स्तर पर निगरानी की जाएगी।
पार्टी का दावा है कि पहले ही लगभग 1 हजार लोगों पर पायलट प्रोजेक्ट सफलतापूर्वक चलाया जा चुका है। उसी अनुभव के आधार पर अब इसे बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा।
शनिवार को होगी औपचारिक शुरुआत
शनिवार सुबह 11 बजे आसनसोल के रवींद्र भवन में ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ का विधिवत शुभारंभ होगा। इस मौके पर शक्ति केंद्र प्रमुखों और वरिष्ठ नेताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला भी होगी।
कार्यक्रम में राजस्थान के विधायक जितेंद्र कुमार गोठवाल, प्रदेश भाजपा के संगठन महासचिव अमिताभ चौधरी सहित कई विधायक और जिला पदाधिकारी शामिल होंगे।
भाजपा का कहना है कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता से यह अभियान घर-घर तक जाएगा, ताकि कोई भी जरूरतमंद सरकारी योजना से वंचित न रहे।














