आसनसोल: भाजपा के ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ में हंगामा, संदिग्ध शख्स को कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम से बाहर किया
आसनसोल । शनिवार को आसनसोल के रवींद्र भवन में भाजपा का *लाभार्थी संपर्क अभियान’ चल रहा था। कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री, विधायक और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे, लेकिन तभी एक शख्स की एंट्री को लेकर अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया।
जानकारी के अनुसार, जामुड़िया से आए मोहम्मद अनवर के गले में भाजपा कार्यकर्ता का बैच लगा हुआ था। इस दौरान भाजपा माइनॉरिटी सेल की अध्यक्ष नाजनीन साबिहा ने कथित तौर पर उनका बैच उतार दिया और उनसे कार्यक्रम स्थल छोड़ने को कहा।
नाजनीन साबिहा ने आरोप लगाया कि अनवर का संबंध कोयला कारोबार से है और उनके बैच पर ‘बाराबनी’ लिखा होने के बावजूद वे जामुड़िया के निवासी हैं। इसी को लेकर उन्होंने सवाल उठाए कि आखिर वह भाजपा के इस कार्यक्रम में कैसे पहुंचे।
इसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं ने अनवर को रवींद्र भवन परिसर से बाहर कर दिया। कुछ मिनटों तक वहां हंगामे जैसी स्थिति बन गई।
अनवर का बयान: “मैं समर्थक हूं, कार्यकर्ता नहीं”
जब मीडिया ने मोहम्मद अनवर से बात की तो उन्होंने कहा कि वे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता नहीं हैं, लेकिन पार्टी का समर्थन करते हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें कार्यक्रम में आने के लिए पिंटू साधु ने बुलाया था।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर अनवर पार्टी के सक्रिय सदस्य नहीं थे, तो उन्हें कार्यकर्ता वाला बैच किसने दिया? और उन्हें कार्यक्रम में बुलाने के पीछे किसका हाथ था?
इस घटना के बाद रवींद्र भवन में हुए हंगामे की चर्चा अब भाजपा के अंदर भी तेज हो गई है। पार्टी ने अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।














