Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल: भाजपा का ‘लाभार्थी संपर्क अभियान’ को लेकर भव्य प्रशिक्षण शिविर, डॉ. अजय पोद्दार बोले – घर-घर पहुंचाएंगे सरकारी योजनाएं

आसनसोल । भाजपा कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय करने के लिए शनिवार को आसनसोल के बीएनआर मोड़ स्थित रवींद्र भवन में पार्टी की ओर से लाभार्थी संपर्क अभियान पर एक बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे, जिसके चलते पूरे इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री डॉ. अजय पोद्दार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, आसनसोल संगठन जिला अध्यक्ष देवत्नु भट्टाचार्य, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी के विधायक अरिजीत राय, जामुड़िया के विधायक बिजन मुखर्जी भी मंच पर मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला उपाध्यक्ष आशा शर्मा, जिला महासचिव अपूर्व हजारा, युवा नेता कृष्णा प्रसाद सहित शक्ति प्रमुख स्तर से ऊपर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण लिया।

घर-घर जाकर योजनाओं की जानकारी देंगे कार्यकर्ता” – डॉ. अजय पोद्दार
शिविर को संबोधित करते हुए डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा, “अक्सर जानकारी के अभाव में लोग सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। अब हमारे कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। डिजिटल और ऑफलाइन दोनों तरीकों से फॉर्म भरने और आवेदन प्रक्रिया में मदद करेंगे।”

इसी मकसद से कार्यकर्ताओं को योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की बारीकियां सिखाने के लिए यह विशेष प्रशिक्षण रखा गया था।

संगठन को मजबूत करने पर जोर
नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने और जनता का विश्वास जीतने का आह्वान किया। कहा गया कि आने वाले दिनों में यह अभियान जिले भर में बड़े पैमाने पर चलाया जाएगा ताकि एक भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *