आसनसोल के व्यवसायी सुरेन जालान का बड़ा बयान: ‘बंगाल में सिर्फ रंग बदला, जनता की हालत नहीं सुधरी
आसनसोल । राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भी आम जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यह बात आसनसोल के जाने-माने व्यवसायी सुरेन जालान ने कही है।
सुरेन जालान ने कहा, “हमारे पश्चिम बंगाल की जनता का सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि इतने भारी बहुमत से परिवर्तन होने के बाद भी आज लोगों को अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए पहले से ज्यादा परेशानी हो रही है। चाहे कानूनी मदद हो या रोजगार और कमाई के साधन, हर जगह जनता वंचित है।”
“नीले से भगवा हुआ, लेकिन बदलाव नहीं दिखा”
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में अगर कोई बदलाव हुआ है तो वह सिर्फ “नीले रंग से भगवा रंग” का हुआ है। जमीन पर जनता की स्थिति में कोई फर्क नहीं आया है।
नई सरकार से उम्मीद जताते हुए सुरेन जालान ने कहा कि सरकार को सबसे पहले जनता की मूलभूत आवश्यकताओं और सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए।
“फीता काटने वाले नहीं, काम करने वाले नेता चाहिए”
जनप्रतिनिधियों को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा, सिर्फ अनुष्ठानों में फीता काटने और मंचों पर फूलों का गुलदस्ता भेंट करने से नेता नहीं बना जाता। ऐसे लोग अपना सुविधावादी राजनीतिक बचाव कर रहे हैं।
उन्होंने भाजपा के मंत्री और विधायकों से अपील की कि वे देखें कि उन्हें कौन किस मंच पर बुला रहा है और कौन सिर्फ फोटो के लिए फूल दे रहा है।
“जो लोग ऐसा कर रहे हैं वे जनता को भ्रमित कर रहे हैं। चुनी हुई सरकार को बदनाम करके व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नेताओं से नजदीकी बढ़ाकर अपनी टीआरपी बढ़ा रहे हैं,”सुरेन जालान ने कहा।
“5 साल जनता के नाम करें”
अंत में उन्होंने नए जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया, “जनता ने आपको 5 साल का समय दिया है। कृपया अपने हर एक पल को जनहित में लगाएं और जनता के विश्वास पर खरा उतरें। तभी पश्चिम बंगाल का सही विकास संभव है।”














