आसनसोल जिला अस्पताल में शुरू हुआ 5 बेड का डे केयर यूनिट, अब कैंसर मरीजों को मिलेगा अलग और सुरक्षित इलाज —
आसनसोल । कैंसर मरीजों के इलाज में बड़ी राहत। रविवार सुबह राज्य की पुर एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने आसनसोल जिला अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग में मरीजों के लिए “डे केयर यूनिट” का फीता काटकर उद्घाटन किया।
उद्घाटन के दौरान मंत्री के साथ पश्चिम बर्दवान के सीएमओएच डॉ. मोहम्मद यूनुस, जिला अस्पताल के सुपर डॉ. तपन कुमार विश्वास, ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. अमित मुखोपाध्याय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
अलग यूनिट से कम होगा संक्रमण का खतरा
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अब तक कीमोथेरेपी के लिए आने वाले मरीजों को आम मरीजों के साथ ही वार्ड में रखा जाता था। लेकिन कीमो लेने वाले मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है, जिससे संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है।
इसी समस्या को देखते हुए ऑन्कोलॉजी ओपीडी के पास 5 बेड वाला पूरी तरह अलग डे केयर सेंटर बनाया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि अभी गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार – सप्ताह में तीन दिन यहां कीमोथेरेपी दी जाती है। जरूरत के अनुसार आगे बेड की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
“कैंसर इलाज में मील का पत्थर साबित होगा” – अग्निमित्रा पाल
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा, _”पहले भी आसनसोल जिला अस्पताल में कीमोथेरेपी की सुविधा थी, लेकिन उसके लिए जरूरी ढांचा नहीं था। आज डे केयर यूनिट शुरू होने से अब विशेषज्ञ डॉक्टर भी इलाज के दौरान मरीज के साथ रह सकेंगे। इससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल पाएगा।”_
उन्होंने कहा कि यह यूनिट आसनसोल में कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगी।
“टीबी मुक्त भारत” पर भी दिया जोर
इस मौके पर मंत्री ने “टीबी मुक्त भारत” अभियान में शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा, _”स्वस्थ और रोगमुक्त समाज बनाने के लिए उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति तक पहुंचाना और टीबी के खिलाफ जागरूकता फैलाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस तरह के प्रयास आम लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाएंगे।”














