अंडाल: ईसीएल की नवकाजोड़ा कॉलोनी में एक ही रात 6 बंद क्वार्टरों में चोरी, सीसीटीवी में 2 संदिग्ध कैद, इलाके में दहशत
अंडाल । ईसीएल की नवकाजोड़ा कोलियरी के गोलाई मोड़ आवासीय क्षेत्र में चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया है। रविवार देर रात बदमाशों ने एक साथ 6 बंद क्वार्टरों को निशाना बनाया और कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
घटना अंडाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आती है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, चोरी के समय सभी क्वार्टरों में कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने ताले तोड़कर अंदर घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया।
सोमवार सुबह जब आवासीय कर्मचारी घर लौटे तो उन्हें ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। सूचना मिलते ही अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
सीटीवी में दिखे 2 संदिग्ध
पुलिस ने पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों का दावा है कि फुटेज में दो संदिग्ध युवक देखे गए हैं। बताया जा रहा है कि उनके हाथों में चॉपर जैसे धारदार हथियार भी थे। हालांकि फुटेज में दिख रहे लोग ही चोरी में शामिल हैं या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।
“बार-बार हो रही हैं चोरियां, सुरक्षा पर सवाल”
स्थानीय लोगों ने बताया कि गोलाई इलाके में इससे पहले भी कई बार बंद क्वार्टरों में एक साथ चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार हो रही चोरियों से कॉलोनी में दहशत का माहौल है।
लोगों का आरोप है कि बंद क्वार्टरों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस इंतजाम नहीं है, जिसके कारण चोर बेखौफ वारदात कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है।














