आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बस से तस्करी कर लाए जा रहे 53 किलो गांजे के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
दुर्गापुर । आसनसोल–दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोक ओवन थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान में 53 किलो गांजे के साथ 3 तस्करों को धर दबोचा
यह कार्रवाई मंगलवार को ओसी अंजन मंडल के नेतृत्व में की गई।
ओडिशा से बस में ला रहे थे गांजा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों आरोपी ओडिशा से बस के जरिए गांजा लेकर दुर्गापुर में तस्करी करने आए थे। दुर्गापुर बैराज के पास बस से उतरने के बाद पुलिस को ये संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखे।
पुलिस ने तुरंत उन्हें रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 53 किलो गांजा बरामद हुआ। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत कई लाख रुपये आंकी जा रही है।
तस्करी की योजना नाकाम
पुलिस की मुस्तैदी से मादक पदार्थों की बड़ी खेप शहर में पहुंचने से पहले ही पकड़ी गई। पकड़े गए तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कोक ओवन थाना में पूछताछ शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। साथ ही यह भी जांच हो रही है कि गांजे की खेप को दुर्गापुर में कहां और किसे पहुंचाई जानी थी।
कोर्ट में होगी पेशी
कोक ओवन थाना पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस पूछताछ के लिए आरोपियों का रिमांड मांगेगी।














