“बर्नपुर-हीरापुर और नदिया के धुबुलिया में बनेंगे विश्वस्तरीय औद्योगिक पार्क, BHAVYA योजना से बढ़ेगा निवेश और रोजगार” यह बर्नपुर के लिए नए सूर्योदय जैसा है
बर्नपुर । राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के लिए पश्चिम बर्दवान के बर्नपुर-हीरापुर और नदिया के धुबुलिया में विश्वस्तरीय “प्लग एंड प्ले” औद्योगिक पार्क बनाने की तैयारी शुरू हो गई है।
भारत सरकार की BHAVYA योजना के तहत इन दोनों स्थानों पर जमीन चिन्हित की जा चुकी है।
कितनी जमीन चिन्हित हुई
1. हीरापुर, पश्चिम बर्दवान – 148.6 एकड़ जमीन
2. धुबुलिया, नदिया – 118.5 एकड़ जमीन
क्या मिलेगा इन पार्कों में
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आधुनिक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना, नए निवेशकों को आकर्षित करना और रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। “प्लग एंड प्ले” मॉडल के तहत कंपनियों को फैक्ट्री लगाने के लिए तुरंत बिजली, पानी, सड़क जैसी सभी सुविधाएं तैयार मिलेंगी। इससे निवेशकों का समय और पैसा दोनों बचेगा।
नई औद्योगिक नीति भी आएगी
राज्य सरकार अगस्त के आखिरी सप्ताह में नई औद्योगिक नीति भी लाने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि नई नीति से राज्य में उद्योग और निवेश दोनों में तेजी आएगी।
सरकार का मानना है कि इन औद्योगिक पार्कों के शुरू होने से उद्योग बढ़ेगा, निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
बर्नपुर के लिए ऐतिहासिक दिन। केंद्र सरकार ने हीरापुर स्थित ढाकेश्वरी कॉटन मिल की 148 एकड़ जमीन पर औद्योगिक पार्क को मंजूरी दे दी है।
पश्चिम बर्दवान जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पवन गुटगुटिया ने बताया कि बर्नपुर में इतने बड़े पैमाने पर औद्योगिक विकास का मौका मिला है। इससे क्षेत्र में नए उद्योग लगेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर खुलेंगे।
विकास की तिकड़ी पूरी हुई
चैंबर अध्यक्ष पवन गुटगुटिया ने कहा कि कुछ समय पहले ही बर्नपुर में स्टील प्लांट की आधुनिकीकरण, इसके बाद दामोदर पर नया पुल और फ्लाईओवर की घोषणा हुई। अब औद्योगिक पार्क की मंजूरी से बर्नपुर के विकास की तिकड़ी पूरी हो गई है।
उन्होंने कहा “यह बर्नपुर के लिए नए सूर्योदय जैसा है। स्टील प्लांट, पुल, फ्लाईओवर और अब औद्योगिक पार्क – इन सब से बर्नपुर औद्योगिक हब के रूप में फिर से उभरेगा”।
सरकार का आभार
पश्चिम बर्दवान जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार और मंत्री अग्निमित्रा पाल को इस पहल के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस औद्योगिक पार्क से न सिर्फ बर्नपुर बल्कि पूरे पश्चिम बर्दवान जिले को फायदा होगा।
स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में इस खबर से खुशी की लहर है। लोगों का मानना है कि इससे पलायन रुकेगा और क्षेत्र में नई आर्थिक गतिविधियां शुरू होंगी।














