“अंडाल एयरपोर्ट से टीएमसी नेता प्रेमपाल सिंह गिरफ्तार, अवैध बालू कारोबार मामले में पुलिस ने दबोचा, घर से मिले थे भारी मात्रा में कारतूस”
आसनसोल। राज्य विधानसभा चुनाव के बाद से फरार चल रहे जामुरिया के पूर्व तृणमूल विधायक हरे राम सिंह के बेटे और टीएमसी नेता प्रेमपाल सिंह को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने गुरुवार को उन्हें अंडाल एयरपोर्ट से हिरासत में लिया।
एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार प्रेमपाल सिंह गुरुवार को अंडाल एयरपोर्ट से बाहर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एयरपोर्ट परिसर से ही उन्हें दबोच लिया।
पुलिस लंबे समय से उन पर नजर रख रही थी।
अवैध बालू कारोबार का मामला
पुलिस सूत्रों के मुताबिक प्रेमपाल सिंह पर अवैध बालू कारोबार से जुड़े एक मामले में आरोप है। इसी केस में उनकी गिरफ्तारी हुई है।
इससे पहले भी पुलिस ने उनके ठिकाने पर छापेमारी की थी। उस दौरान उनके आवास से बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए जाने की बात सामने आई थी, जिसके बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
शुक्रवार को कोर्ट में पेशी
गिरफ्तारी के बाद पुलिस प्रेमपाल सिंह से लगातार पूछताछ कर रही है। मामले से जुड़े अन्य कनेक्शन और लिंक खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें आसनसोल कोर्ट में पेश किया जाएगा।















