स्वतंत्रता दिवस से पहले अलर्ट, दुबरडीहा चेकपोस्ट पर कुल्टी पुलिस का सघन नाका अभियान, बंगाल-झारखंड सीमा पर कड़ी निगरानी
कुल्टी ।15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए बंगाल-झारखंड सीमा पर पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। किसी भी अप्रिय घटना और नापाक साजिश को नाकाम करने के उद्देश्य से दुबरडीहा चेकपोस्ट पर शुक्रवार को सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
कुल्टी पुलिस और ट्रैफिक गार्ड की संयुक्त कार्रवाई
कुल्टी थाना अंतर्गत चौरंगी फांड़ी पुलिस और कुल्टी ट्रैफिक गार्ड ने मिलकर सीमा क्षेत्र में नाका तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सीमा से आने-जाने वाले हर वाहन की बारीकी से जांच की गई
हर वाहन की गहन जांच
अभियान के दौरान दूसरे राज्यों से आने वाली यात्री बसों, चारपहिया वाहनों और मोटरसाइकिलों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों के पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की। साथ ही उनसे आने का स्थान और गंतव्य के बारे में भी पूछताछ की गई।
पुलिस का मकसद सीमा के रास्ते अवैध हथियार, विस्फोटक या किसी संदिग्ध व्यक्ति के प्रवेश को रोकना है।
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
इस सुरक्षा अभियान की कमान चौरंगी फांड़ी के अधिकारी तरुणमय सिंह के हाथों में थी। उनके साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक सीमा क्षेत्र में इसी तरह विशेष सतर्कता बरती जाएगी और नियमित रूप से नाका जांच की जाएगी।
























