Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“पश्चिम बर्दवान में शुरू हुआ आयुष्मान कार्ड वितरण: पहले ही दिन 43 हजार कार्ड बांटे, डीएम ने कहा – कोई भी जरूरतमंद स्वास्थ्य सुरक्षा से वंचित नहीं रहेगा”

आसनसोल । पश्चिम बर्दवान जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड वितरण अभियान की शुरुआत जोरदार तरीके से हुई। आसनसोल स्थित रवींद्र भवन में जिला प्रशासन द्वारा ‘आयुष्मान दिवस’ कार्यक्रम का आयोजन कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया।

जायंट स्क्रीन पर हुआ राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण
राज्य सरकार के निर्देश पर कोलकाता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रवींद्र भवन में लगाई गई जायंट स्क्रीन पर दिखाया गया। इसके बाद लाभार्थियों को मंच से आयुष्मान भारत कार्ड सौंपकर वितरण की शुरुआत की गई।

पहले दिन ही 43 हजार कार्ड हुए वितरित
कार्यक्रम में पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबलम, जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, बाराबनी विधायक अरिजीत राय और जिला मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यूनुस खान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम एस. पोन्नाबलम ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में कुल 10.5 लाख प्री-फिल्ड फॉर्म तैयार किए गए हैं, जिनमें से 7 लाख फॉर्म का सत्यापन अब तक पूरा हो चुका है। अभियान के पहले दिन ही जिले में लगभग 43 हजार आयुष्मान कार्ड वितरित कर दिए गए हैं।

गांव-गांव तक पहुंचेगा कार्ड
डीएम ने बताया कि बाकी बचे कार्डों को गांव और दूरदराज के इलाकों तक पहुंचाने के लिए ब्लॉक प्रशासन और आशा कार्यकर्ताओं की मदद ली जा रही है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से वितरण किया जाएगा।

छूटे हुए लोगों को मिलेगा मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा का लाभ
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनकल्याण शिविरों के जरिए जो आवेदन आ रहे हैं उनका डिजिटाइजेशन लगातार जारी है। जो पात्र लोग किसी कारणवश आयुष्मान भारत योजना में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्हें ‘मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना’ के अंतर्गत कवर किया जाएगा। ताकि जिले का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति स्वास्थ्य सुरक्षा से वंचित न रहे।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *