दुर्गापुर में तृणमूल सांसद कीर्ति आजाद का हमला: ‘स्कूलों में अंडा बंद, लेकिन लोगों पर अंडे फेंक रही भाजपा’ – आत्मरक्षा के लिए लेंगे पिस्तौल का लाइसेंस
दुर्गापुर । स्कूलों में मिड-डे मील से अंडा बंद करने और राज्य में अंडे फेंकने की घटनाओं को लेकर राजनीति गरमा गई है। सोमवार को दुर्गापुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बर्धमान-दुर्गापुर के तृणमूल सांसद कीर्ति आजाद ने इस मुद्दे पर भाजपा और आरएसएस को आड़े हाथों लिया।
“अंडा देना बंद, लेकिन फेंकने लगे”
कीर्ति आजाद ने कहा कि “एक तरफ स्कूलों के बच्चों के लिए अंडा देना बंद कर दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ लोगों पर अंडे फेंके जा रहे हैं। इसके पीछे भाजपा का हाथ है।” उन्होंने इस तरह की घटनाओं पर कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि तृणमूल कार्यकर्ता अब चुप नहीं बैठेंगे।
आत्मरक्षा के लिए लेंगे पिस्तौल का लाइसेंस
सांसद ने अपनी सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, “मैं अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी पिस्तौल का लाइसेंस ले रहा हूं। हमें भी आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है।”
अपने क्रिकेट करियर का जिक्र करते हुए कीर्ति आजाद ने कहा, “मैं डरने वाला इंसान नहीं हूं। मैंने भारत के लिए क्रिकेट खेला है, देश के सम्मान के लिए खेला है।”_
भाजपा-आरएस पर साधा निशाना
कीर्ति आजाद ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “देश की आजादी में भाजपा और आरएसएस का कोई योगदान नहीं है। ये सिर्फ राम-राम करते हैं। क्या इन्हें पता है देवी-देवताओं का नाम कैसे लिया जाता है? पहले राधा फिर कृष्ण, पहले दुर्गा फिर महादेव, पहले सीता फिर राम।”
उन्होंने कहा कि “पूरे देश और राज्य की स्थिति अब जनता समझ रही है।”
ब्लॉक स्तर से करेंगे बैठक, ममता को भी बुलाएंगे
आगे की रणनीति बताते हुए सांसद ने कहा, “मैं पहले ब्लॉक स्तर पर बैठकें करूंगा। उसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर बैठक करवाऊंगा। देखता हूं कौन क्या कर सकता है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री और शुभेंदु अधिकारी का नाम लेते हुए उन्होंने वसूली के आरोपों पर भी सवाल उठाए। पांडवेश्वर विधायक के बयान का जिक्र करते हुए कीर्ति आजाद ने कहा, “तृणमूल ने 15 साल में जो नहीं किया, भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने 3 महीने में करके दिखा दिया।”

























