Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“सालानपुर में बारिश बना काल: जहरगढ़ पुल पर स्कूटी बहने से 1 युवक लापता, दूसरा बाल-बाल बचा”

सालानपुर/कुल्टी। रातभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार सुबह सालानपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया। तेज बहाव और टूटी सुरक्षा दीवार के कारण जहरगढ़ पुल पर बड़ा हादसा हो गया।

पुल पर बहाव में फंसी स्कूटी
जानकारी के अनुसार, एथोड़ा मोड़ से सीतारामपुर जाने वाली सड़क पर बने जहरगढ़ पुल के ऊपर बारिश का पानी तेज गति से बह रहा था। पानी के कारण सड़क दिखाई नहीं दे रही थी। इसी दौरान सीतारामपुर जा रहे दो युवक स्कूटी से पुल पार करने की कोशिश कर रहे थे।

इसी बीच वे नियंत्रण खो बैठे और स्कूटी समेत पुल से नीचे गिर गए। हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है कि पुल के दोनों ओर लगी गार्डवाल टूटी हुई थी, जिसकी वजह से रास्ते का अंदाजा नहीं लग पाया।

1 युवक ने पेड़ की डाल पकड़कर बचाई जान
पानी के तेज बहाव में बहते समय एक युवक ने किसी तरह पास के पेड़ की डाल पकड़ ली। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नियामतपुर फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

18 वर्षीय आमिर गेयास अब भी लापता
वहीं दूसरा युवक पानी में बह गया। उसकी पहचान 18 वर्षीय आमिर गेयास, निवासी सीतारामपुर के रूप में हुई है। आमिर को खोजने के लिए सालानपुर थाना पुलिस, नियामतपुर फांड़ी और कुल्टी ट्रैफिक गार्ड की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। स्थानीय लोग भी तलाश में जुटे हैं।

प्रशासन ने जारी की चेतावनी
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है। लगातार बारिश और नदियों-नालों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पुलों और निचले इलाकों में अनावश्यक आवागमन न करें।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *