“अंडाल में अन्नपूर्णा योजना पर हंगामा: पैसा नहीं मिला तो सैकड़ों महिलाएं BDO ऑफिस के सामने धरने पर बैठी, सर्विस रोड जाम”
अंडाल । अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। गुस्साई महिलाओं ने अंडाल बीडीओ कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
घंटों तक BDO ऑफिस परिसर महिलाओं के हंगामे से गूंजता रहा।
क्या है महिलाओं का आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि वे कई महीनों से अन्नपूर्णा योजना की राशि का इंतजार कर रही हैं।
“हम कई बार BDO ऑफिस शिकायत लेकर आए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। हर बार सिर्फ चक्कर लगवाए जा रहे हैं।”
महिलाओं ने कहा कि योजना के पैसे के लिए उन्हें बार-बार दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे उनका काम-धंधा प्रभावित हो रहा है।
हाईवे की सर्विस रोड पर भी प्रदर्शन, जाम
प्रदर्शन के दौरान जब अधिकारियों ने कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया तो महिलाओं का गुस्सा और बढ़ गया।
गुस्साई महिलाएं BDO ऑफिस से निकलकर सीधे 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) की सर्विस रोड पर बैठ गईं।
सड़क जाम होने से मिनी बस समेत कई वाहनों की आवाजाही रुक गई और लंबी कतारें लग गईं।
पुलिस से तीखी नोकझोंक
स्थिति तनावपूर्ण होते ही अंडाल थाने की भारी पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर सड़क से हटने की अपील की। इसी दौरान कुछ महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी कहासुनी भी हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया।
BDO ने क्या कहा
वहीं अंडाल के प्रभारी बीडीओ देवांजन दत्ता ने महिलाओं से अपील की है कि वे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करें।
उन्होंने कहा:
“हम हर मामले की जांच प्रक्रिया के तहत करेंगे। जो भी पात्र लाभार्थी हैं, उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।”
लेकिन महिलाएं ऑनलाइन आवेदन से संतुष्ट नहीं दिखीं और तुरंत भुगतान की मांग पर अड़ी रहीं।














