“कुल्टी में BJP ऑफिस के बाहर महिलाओं का हल्ला-बोल: अन्नपूर्णा योजना का पैसा नहीं आया तो सड़क पर उतरीं महिलाएं”
कुल्टी । अन्नपूर्णा योजना की राशि खाते में न आने से कुल्टी में भी महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को वार्ड नंबर 73, आलडीह इलाके में सैकड़ों महिलाओं ने स्थानीय BJP पार्टी कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ वादा करती है, पैसा नहीं देती।
17 अगस्त का वादा भी फेल
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों तरह से आवेदन की पूरी प्रक्रिया महीनों पहले ही कर दी थी।
आवेदन के समय अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि 17 अगस्त तक पैसा सीधे उनके बैंक खातों में भेज दिया जाएगा। लेकिन तय तारीख निकल गई और खाता आज भी खाली है।
एक प्रदर्शनकारी महिला ने कहा:
“हम गरीब परिवार से हैं। इस पैसे से बच्चों की पढ़ाई और घर का खर्च चलता है। सरकार को हमारी तकलीफ नहीं दिखती।”
आर्थिक तंगी से जूझ रही महिलाएं
प्रदर्शन में शामिल ज्यादातर महिलाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आती हैं। उनका कहना है कि सरकारी सहायता की ये राशि उनके लिए बहुत महत्वपूर्ण है। समय पर पैसा न मिलने से परिवार का बजट बिगड़ गया है।
क्या है मुख्य मांग
महिलाओं ने प्रशासन और संबंधित विभाग से दो टूक मांग की है:
1. सभी आवेदनों की तुरंत जांच की जाए
2. पात्र लाभार्थियों की बकाया राशि तुरंत बैंक खातों में भेजी जाए
जब तक पैसा नहीं आता, तब तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है।














