Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बंगाल में अन्नपूर्णा योजना पर बवाल: 3000 रुपये नहीं आए तो कुल्टी में महिलाओं ने किया NH जाम, बोलीं – बड़ा आंदोलन करेंगे

कुल्टी । पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की राशि को लेकर महिलाओं का गुस्सा अब सड़कों पर फूटने लगा है। शनिवार को कुल्टी थाना क्षेत्र के कल्याणेश्वरी-बराकर रोड स्थित रामनगर इलाके में सैकड़ों महिलाओं ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के कारण कल्याणेश्वरी-बराकर मुख्य सड़क पर लंबा जाम लग गया, गाड़ियों की कतारें लग गईं और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

क्या है पूरा मामला?
भाजपा ने चुनाव प्रचार के दौरान वादा किया था कि लक्ष्मी भंडार के बदले अन्नपूर्णा योजना के तहत हर महिला को हर महीने 3000 रुपये दिए जाएंगे। सरकार बनने के बाद पश्चिम बर्धमान सहित पूरे जिले की हजारों महिलाओं ने इस योजना के लिए आवेदन किया था।

प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है:
– कुछ महिलाओं के खाते में पैसा आ गया है, लेकिन हमारा खाता आज भी खाली है।
– बार-बार ब्लॉक और बैंक के चक्कर काटने के बाद भी प्रशासन कोई साफ जवाब नहीं दे रहा।

एक प्रदर्शनकारी महिला ने कहा – “हम गरीब हैं, 3000 रुपये हमारे लिए बहुत बड़ी रकम है। वादा किया तो निभाना भी होगा।”

प्रशासन को दी चेतावनी
महिलाओं ने मांग की है कि सभी पात्र लाभार्थियों की जांच कर तुरंत बकाया राशि उनके बैंक खातों में भेजी जाए।

साथ ही चेतावनी दी है कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा और थानों का घेराव किया जाएगा।

जिले भर में आक्रोश
बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले एक हफ्ते में आलडीह, नियामतपुर और अब रामनगर में अन्नपूर्णा योजना को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लाभार्थियों में भारी नाराजगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *