Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

कुल्टी में पुलिस का सख्त संदेश: होटल मालिकों को फायर सेफ्टी, POCSO और साइबर अपराध पर दिए कड़े निर्देश

कुल्टी । पर्यटकों की सुरक्षा और बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट एक्शन मोड में है। आज कुल्टी जोन के सभी होटल मालिकों के साथ एक महत्वपूर्ण सुरक्षा बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक कल्याणेश्वरी स्थित एक निजी सभागार में शनिवार को आयोजित की गई थी।

कौन-कौन रहा मौजूद?
बैठक की अध्यक्षता एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन ने की। उनके साथ बैठक में मौजूद रहे:
– सालानपुर थाना और कुल्टी थाना के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (IC)
– चौरंगी फांड़ी और कल्याणेश्वरी फांड़ी के प्रभारी (IC)
– कुल्टी जोन के सभी बड़े और छोटे होटलों के मालिक

बैठक में 3 बड़े मुद्दों पर हुई चर्चा

1. होटलों की फायर सेफ्टी पर जोर:
एसीपी ने सभी होटल मालिकों को अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher), फायर अलार्म और इमरजेंसी एग्जिट को दुरुस्त रखने का सख्त निर्देश दिया। कहा कि सुरक्षा में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

2. साइबर अपराध से बचाव:
होटलों में ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल पेमेंट के दौरान होने वाले फ्रॉड को लेकर होटल मालिकों को जागरूक किया गया। पुलिस ने बताया कि कैसे सतर्क रहकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है।

3. POCSO कानून और मेहमानों की सुरक्षा:
बैठक में POCSO कानून को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। होटल मालिकों को मेहमानों की ID वेरिफिकेशन, रजिस्टर मेंटेन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया।

एसीपी ने क्या कहा?
एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन ने बताया, “आज की बैठक का मुख्य उद्देश्य होटलों की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है। हमने POCSO एक्ट, फायर सेफ्टी और साइबर क्राइम की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की है। सभी होटल मालिकों को नियमों का पालन करने और मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।”

होटल मालिकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की और पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *