हिमोफीलिया देखभाल की मिसाल – दुर्गापुर में हिमोफीलिया ग्रसित अमिताभ चटर्जी की सफल सर्जरी, मिशन अस्पताल के डॉक्टरों का सराहनीय योगदान
दुर्गापुर । हिमोफीलिया के इलाज में एक और बड़ी सफलता का मामला सामने आया है। हिमोफीलिया सोसाइटी – दुर्गापुर चैप्टर के सदस्य अमिताभ चटर्जी की जटिल सर्जरी द मिशन अस्पताल, दुर्गापुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।
जानकारी के अनुसार अमिताभ चटर्जी के बाएं पैर में लगे संक्रमित ऑर्थोपेडिक मेटल इम्प्लांट को 14 अगस्त 2026 को निकाला गया, जिसमें प्रॉक्सिमल टिबिया और डिस्टल फीमर के स्क्रू का मेटलवर्क हटाया गया। हिमोफीलिया जैसी गंभीर स्थिति में यह ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण माना जाता है, लेकिन डॉक्टरों की विशेषज्ञता से यह सफल रहा।
चिकित्सा दल का आभार
सोसाइटी ने इस सफल इलाज के लिए पूरे चिकित्सा दल का हृदय से आभार व्यक्त किया है:
– डॉ. दीपांकर देन – ऑर्थोपेडिक सर्जन
– डॉ. अभिषेक कुमार – कंसलटेंट हेमेटोलॉजिस्ट
– डॉ. पृथ्वीराज – एचओडी, ब्लड बैंक एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन
विशेष रूप से द मिशन अस्पताल के चेयरमैन डॉ. सत्यजीत बोस का भी सोसाइटी ने आर्थिक सहयोग और मानवीय विचार के लिए विशेष धन्यवाद किया है।
एचएफआई ने दी निःशुल्क दवा
सोसाइटी ने हिमोफीलिया फेडरेशन (इंडिया) – एचएफआई का भी आभार जताया, जिन्होंने मानवीय सहायता के तहत इस सर्जरी के लिए आवश्यक एंटी-हिमोफिलिक फैक्टर (एएचएफ) पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराया, जिसके बिना यह उपचार संभव नहीं था।
केयर सेंटर में हो रही देखभाल
पोस्ट-ऑपरेटिव फॉलो-अप के बाद अमिताभ चटर्जी इस समय हिमोफीलिया सोसाइटी – दुर्गापुर चैप्टर के अपने केयर सेंटर में रह रहे हैं, जहां उन्हें आवश्यक सहयोग और देखभाल प्रदान की जा रही है।
वर्तमान में वे स्वतंत्र रूप से चलने-फिरने में असमर्थ हैं और उन्हें सहायता की आवश्यकता है। हिमोफीलिया सोसाइटी – दुर्गापुर चैप्टर के सभी सदस्य उनके साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके पूरी तरह ठीक होकर आत्मविश्वास वापस पाने तक हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
सोसाइटी ने अपने सभी सदस्यों के निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया है।
