Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

आसनसोल के नामी स्कूल में बगावत: बाढ़ के बाद नई बिल्डिंग में नहीं आए 9 टीचर, हेडमास्टर ने DI को लिखा पत्र – सख्त कार्रवाई की मांग

आसनसोल । आसनसोल स्थित हाजी कदम रसूल हाई स्कूल (H.S.) में शिक्षकों की मनमानी का बड़ा मामला सामने आया है। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने अपने ही स्कूल के 9 शिक्षकों के खिलाफ जिला विद्यालय निरीक्षक (DI) को पत्र लिखकर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला?
17 और 18 अगस्त को आसनसोल में आई भीषण बाढ़ के कारण ओके रोड स्थित स्कूल की पुरानी इमारत पूरी तरह जलमग्न हो गई थी। पानी भरने और सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया।

प्रशासक ने आदेश दिया कि सुरक्षा और स्वच्छता के कारण पुरानी इमारत में सभी कक्षाएं निलंबित रहेंगी और सभी शिक्षण कर्मचारी बी.सी. रॉय रोड स्थित मुख्य प्रशासनिक (नई) इमारत में अपनी सेवाएं देंगे।

पुरानी इमारत के प्रभारी गजाली खान समेत अन्य जिम्मेदार शिक्षकों ने आदेश का पालन करते हुए नई इमारत में ड्यूटी ज्वाइन कर ली।

लेकिन 9 शिक्षकों ने इस प्रशासनिक आदेश को मानने से साफ इनकार कर दिया। ये शिक्षक 19 अगस्त से लगातार बिना किसी सूचना के गायब हैं।

कौन हैं वो 9 शिक्षक?
प्रधानाध्यापक की शिकायत में जिन 9 शिक्षकों का नाम है, वे हैं:
1. मोहम्मद इमरान, 2. मोहम्मद अली अंसारी, 3. मोहम्मद इमरान अंसारी, 4. शबनम परवीन, 5. मोहम्मद असलम अंसारी, 6. सुरैया रू खातून, 7. मोहम्मद शादाब अय्यूब, 8. मोजम्मिल हुसैन और 9. सफदर शादाब।

पहले भी कर चुके हैं ऐसी हरकत
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह पहली बार नहीं है। इन शिक्षकों ने इससे पहले 9 जनवरी से 17 जनवरी के दौरान भी अपनी आवंटित कक्षाएं लेने से मना कर दिया था। उस मामले की जांच पहले से ही पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBBSE) के पास चल रही है।

प्रधानाध्यापक ने पत्र में लिखा है कि यह बार-बार स्कूल प्रशासन के आदेशों को चुनौती देने की आदत बन गई है। इसलिए बोर्ड के नियमों के तहत इन पर सख्त कदम उठाया जाए।

फिलहाल 9वीं और 10वीं की छात्राओं की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए उनकी कक्षाओं को अस्थायी रूप से नई इमारत में शिफ्ट कर दिया गया है और पठन-पाठन सुचारू रूप से चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *