“आसनसोल में हरिनाम संकीर्तन के दौरान हंगामा, पूर्व पार्षद के दौरे पर दो पक्षों में झड़प – पुलिस ने संभाली स्थिति”
आसनसोल । आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के धेमोमेन शिव मंदिर इलाके में रविवार को भक्ति और आस्था के माहौल के बीच उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक धार्मिक आयोजन के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया।
जानकारी के अनुसार, इलाके में हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया था। इस धार्मिक कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 58 के पूर्व पार्षद संजय नोनिया को आमंत्रित किया गया था।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
बताया जा रहा है कि संजय नोनिया के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई।
आरोप है कि झड़प के दौरान पत्थरबाजी भी हुई, जिसमें पूर्व पार्षद के चालक समेत कार्यक्रम से जुड़े 2-3 लोगों को मामूली चोटें आईं।
राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से परहेज
घटना के बाद कुछ लोगों द्वारा राजनीतिक दल पर आरोप लगाए गए, हालांकि पूर्व पार्षद संजय नोनिया ने इस मामले को राजनीतिक रंग देने से परहेज किया।उन्होंने किसी भी दल का नाम लिए बिना कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और जो भी दोषी है, पुलिस उसकी पहचान कर कार्रवाई करे।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण पुलिस आउटपोस्ट की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है।
धार्मिक आयोजन में किसी तरह की बाधा न आए और इलाके में शांति बनी रहे, इसके लिए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण है और संकीर्तन कार्यक्रम जारी है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और इसमें कौन लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।














