पानागढ़ में गूंजा ‘धन्यवाद मुख्यमंत्री’ का नारा! अन्नपूर्णा योजना में ₹3000 मिलने पर महिलाओं ने निकाली आभार यात्रा
पानागढ़ । पानागढ़ बाजार में सोमवार को माहौल भगवामय और उत्साह से भरा रहा। अन्नपूर्णा योजना के तहत महिलाओं के खाते में 3000 रुपये आने की खुशी में भाजपा महिला मोर्चा ने एक बड़ी ‘मुख्यमंत्री धन्यवाद यात्रा’ निकाली।
यह यात्रा गलसी मंडल-6 महिला मोर्चा के नेतृत्व में आयोजित की गई थी, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
बाजार से रेलपार तक आभार यात्रा
महिलाओं की यह टोली ढोल-नगाड़ों के साथ पानागढ़ बाजार और रेलपार के मुख्य इलाकों से होकर गुजरी। हाथों में पोस्टर और बैनर लिए महिला कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया और स्थानीय लोगों को इस योजना के बारे में बताया।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से जनसंपर्क किया और बताया कि कैसे अन्नपूर्णा भंडार योजना से गरीब परिवारों की महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है।
इस अवसर पर कांकसा ग्राम पंचायत के विपक्ष के नेता आनंद कुमार सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है और इसका लाभ सीधे जरूरतमंदों तक पहुंच रहा है।














