Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

बराकर चोरीकांड का 6 दिन में पर्दाफाश: कुल्टी पुलिस का बड़ा एक्शन, लाखों के सोने-चांदी के जेवरात बरामद, 2 धराए

कुल्टी । कुल्टी थाना पुलिस ने अपनी तत्परता का परिचय देते हुए बराकर चोरीकांड का महज 6 दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस कांड का मुख्य आरोपी एक 17 साल का नाबालिग निकला, जिसे जुवेनाइल होम भेज दिया गया है।

यह चोरी 6 दिन पहले बराकर फांड़ी के 68 नंबर वार्ड, करीमडांगा में पंकज श्रीवास्तव के घर हुई थी।

ACP के नेतृत्व में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया खुलासा
बुधवार को कुल्टी के ACP मो. जावेद हुसैन के नेतृत्व में बराकर फांड़ी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी गई। इस दौरान कुल्टी थाना प्रभारी अशोक सिंह महापात्र, बराकर फांड़ी प्रभारी अंजन रजक और जांच अधिकारी ASI असीम चक्रवर्ती मौजूद थे।

ज्वेलरी दुकानदार निकला खरीदार, ऐसे पकड़ा गया
पुलिस जांच में पता चला कि चोरी के गहने निरसा के एक ज्वेलर ने खरीदे थे। इस पर पुलिस ने निरसा के बैगुनिया दुर्गा मंदिर के पास स्थित दुकान पर छापा मारकर दुकानदार रिंटू माझी को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड पर कड़ी पूछताछ के बाद ASI असीम चक्रवर्ती ने दोबारा उसकी दुकान पर छापेमारी की। इस दौरान दुकान से लगभग 250 ग्राम चांदी और 6-7 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए। पुलिस ने दावा किया है कि बरामद जेवरात पंकज श्रीवास्तव के घर से चोरी हुए ही हैं।

आरोपी रिंटू माझी को गुरुवार को फिर से आसनसोल कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

कुल्टी पुलिस की कार्रवाई से लोगों में बढ़ा भरोसा
लगातार हो रही चोरियों से परेशान लोगों में कुल्टी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद भरोसे का माहौल बना है। चोरी का खुलासा, माल की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी ने साबित कर दिया है कि कुल्टी पुलिस अपराध को लेकर कितनी गंभीर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सक्रियता से असामाजिक तत्वों में खौफ है और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *