“नेपाल में आई तबाही के बाद दुर्गापुर में हड़कंप: घूमने गए DVC के रिटायर्ड दंपती से टूटा संपर्क”
दुर्गापुर । नेपाल में बादल फटने और बाढ़ की भीषण तबाही के बीच दुर्गापुर के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। नेपाल घूमने गए शहर के एक बुजुर्ग दंपती से पिछले 24 घंटे से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिवार से लेकर पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
मंगलवार रात के बाद से फोन बंद
मामला तपोवन सिटी के 52 नंबर, 9-डी टावर का है। यहां के रहने वाले अरिंदम गांगुली और उनकी पत्नी मौसुमी गांगुली दोनों डीवीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। दोनों करीब 30 सदस्यीय पर्यटक दल के साथ नेपाल घूमने गए थे, जिसमें दुर्गापुर के 6 लोग शामिल हैं।
परिवार वालों ने बताया कि मंगलवार रात तक दोनों से फोन पर सामान्य बात हुई थी। सब ठीक था। लेकिन बुधवार सुबह से ही दोनों के मोबाइल नंबर बंद आ रहे हैं। परिवार ने लगातार कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन एक भी कॉल नहीं लगी।
नेपाल से लगातार आ रही लापता पर्यटकों और तबाही की खबरों ने परिवार की चिंता और भी बढ़ा दी है।
पुलिस मौके पर, तलाश शुरू
परिवार से जानकारी मिलने के बाद मलानदिघी फांड़ी की पुलिस तुरंत तपोवन सिटी पहुंची। पुलिस ने परिवार और पड़ोसियों से पूरी जानकारी ली है और प्रशासनिक स्तर पर दंपती की लोकेशन ट्रेस करने की कोशिश शुरू कर दी है।
विदेश मंत्रालय और नेपाल में फंसे भारतीयों के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों पर भी संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल तपोवन सिटी के इस घर में सन्नाटा पसरा है। परिवार, पड़ोसी और जान-पहचान वाले सभी एक ही प्रार्थना कर रहे हैं कि अरिंदम और मौसुमी जहां भी हों, सुरक्षित हों और जल्द से जल्द उनसे बात हो सके।














