Shilpanchal Today

Latest News in Hindi

“अमृत भारत योजना से बदलेगी अंबिका कालना स्टेशन की तस्वीर, DRM ने किया निरीक्षण – दिसंबर तक पूरा होगा काम”

बर्दवान । हावड़ा-कटवा रेल लाइन के महत्वपूर्ण स्टेशन अंबिका कालना के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही यह स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से लैस, चमचमाता हुआ नजर आएगा। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के कायाकल्प का काम तेजी से चल रहा है।

इसी काम की प्रगति देखने के लिए बुधवार को हावड़ा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विशाल कपूर ने अपनी पूरी टीम के साथ अंबिका कालना स्टेशन का दौरा किया और निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज होगा मुख्य आकर्षण

DRM विशाल कपूर ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय और निर्माणाधीन क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से यात्री सुविधाओं को लेकर कई जरूरी निर्देश दिए।

इस पुनर्विकास योजना में सबसे बड़ा आकर्षण 12 मीटर चौड़ा अत्याधुनिक पैदल पारपथ (Foot Over Bridge) होगा, जिससे यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने में काफी आसानी होगी और भीड़ से भी राहत मिलेगी।

जलजमाव की समस्या का भी होगा समाधान

निरीक्षण के दौरान एक बड़ी समस्या भी सामने आई। बारिश के दिनों में स्टेशन स्थित कालना राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) कार्यालय और आसपास के इलाके में भारी जलजमाव हो जाता है, जिससे यात्रियों और पुलिसकर्मियों को काफी परेशानी होती है।

इस पर DRM ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अमृत भारत योजना सिर्फ सुंदरता के लिए नहीं, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नए डिजाइन में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि निर्माण पूरा होने के बाद जलजमाव की समस्या हमेशा के लिए खत्म हो जाए।

रेलवे ने दिसंबर 2026 तक इस पूरे प्रोजेक्ट को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। काम पूरा होने के बाद अंबिका कालना स्टेशन न सिर्फ ज्यादा सुंदर दिखेगा, बल्कि यात्रियों के लिए सफर और भी आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।

 

 

  

        

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *